By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026
शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगले महीने प्रस्तावित दौरे से पहले महाराष्ट्र के वन विभाग को भीमाशंकर वन्यजीव अभयारण्य के पास 32,000 से अधिक पेड़ काटने का आदेश दिया गया है। मोदी यहां एक जलविद्युत परियोजना का शिलान्यास करने वाले हैं। राउत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पत्र साझा किया, जिसके बारे में दावा किया गया कि इसे वन विभाग के एक अधिकारी ने जारी किया है।
उन्होंने महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर जंगलों और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। प्रस्तावित परियोजना भीमाशंकर वन्यजीव अभयारण्य से 16 किलोमीटर और भीमाशंकर मंदिर से 20 किलोमीटर दूर स्थित है। इस परियोजना में 13,505 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
इससे राज्य और अन्य क्षेत्रों में बिजली ग्रिड की विश्वसनीयता और ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कर्जत पूर्व वन क्षेत्र के अधिकारी समीर शिंदे द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पेड़ों की कटाई को भूमि उपयोग में बदलाव के प्रस्ताव के तहत मंजूर किए गए 32,490 पेड़ों तक ही सख्ती से सीमित रखा जाना चाहिए। राउत द्वारा साझा किए गए पत्र में कहा गया है, परियोजना के उद्घाटन समारोह के लिए तीन नवंबर, 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए, परियोजना क्षेत्र में आने वाले प्रभावित पेड़ों को तुरंत हटाया जाना चाहिए।
शिवसेना (उबाठा) के नेता ने वरिष्ठ वकील और भाजपा द्वारा मनोनीत राज्यसभा सदस्य उज्ज्वल निकम पर भी इस परियोजना का समर्थन करने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि निकम को हरित क्षेत्र को नष्ट करने वालों का समर्थन करने के बजाय जनता के पक्ष में आवाज उठानी चाहिए।