सिद्धू ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को ‘बड़ा भाई’ कहा, भाजपा ने लिया कांग्रेस को आड़े हाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 20, 2021

नयी दिल्ली। भाजपा ने करतारपुर साहिब के दौरे पर गए कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को कथित तौर पर अपना ‘‘बड़ा भाई’’ बताने को चिंताका विषय करार दिया और शनिवार को कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि उसे हिन्दुत्व में बोको हरम और आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठन दिखते हैं जबकि खान (इमरान) उसे ‘‘भाई जान’’ नजर आते हैं। ज्ञात हो कि पंजाब कांग्रेसके अध्यक्ष सिद्धू का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है, जिसमें एक पाकिस्तानी अधिकारी इमरान खान की ओर से उनका स्वागत करते दिखते हैं और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि खान उनके ‘‘बड़े भाई’’ जैसे हैं और वह उन्हें बहुत प्यार करते हैं।

इसे भी पढ़ें: मनीष तिवारी ने इमरान को लेकर सिद्धू पर कसा तंज, कहा- पुंछ के जवानों की शहादत कैसे भूल सकते हैं ?

पात्रा ने याद दिलाया कि सिद्धू इसके पहले भी पाकिस्तान और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की सराहना कर चुके हैं और वहां के सेना प्रमुख कमर बाजवा को गले लगा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सीमा से सटे होने के कारण पंजाब एक संवदेनशील राज्य है और वहां के नेताओं को परिपक्व और राष्ट्रभक्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिद्धू भारत के लिए उपयुक्त नहीं है और पंजाब को उनसे बेहतर की जरूरत है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी द्वारा हिन्दुत्व को विश्व के लिए खतरा बताने वाले एक बयान का उल्लेख करते हुए पात्रा ने दावा कि उन्होंने यह शब्द पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के हिंदुत्व विरोधी हालिया बयान से लिए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखे जाने के बारे में पूछे जाने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी को यह बताना चाहिए कि सिद्धू के बारे में उनकी क्या राय है।

सिद्धू, इमरान को बड़ा भाई मानते हैं और प्रियंका वाड्रा, सिद्धू को अपना भाई मानती है। तो क्या प्रियंका वाड्रा भी इमरान खान को अपना भाई मानती हैं?’’ इमरान खान के बारे में सिद्धू के कथित बयान का वीडियो साझा करते हुए भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी के प्रिय नवजोत सिंह सिद्धू पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को बड़ा भाई कहते हैं। पिछली बार उन्होंने बाजवा को गले लगाया था और पाकिस्तान की प्रशंसा की थी। अब यह किसी से छिपा नहीं है कि क्यों अमरिंदर सिंह की जगह कांग्रेस ने सिद्धू को तरजीह दी।’’ हाल ही में भारत ने करतारपुर कॉरिडोर को खोला है। भारत सरकार ने मंगलवार को इस संबंध में ऐलान किया था।

प्रमुख खबरें

Himanta Biswa Sarma ने Amit Shah को दी असम में बाढ़ और राहत कार्यों की जानकारी

Rajasthan Weather: कोटा, जयपुर और भरतपुर में 26 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान

Allahabad High Court IAS Officer | मैं सीनियर IAS हूँ, तुमने बदतमीजी की... महिला जज को फोन पर धमकाना पड़ा भारी, दुर्गा शक्ति नागपाल पर चलेगा अवमानना का केस!

BCCI Junior Selection Committee युवा खिलाड़ियों को ड्रग्स और मैच फिक्सिंग के खतरों से करेगी सतर्क