By अभिनय आकाश | Jan 23, 2023
कलवारी श्रेणी की पनडुब्बियों की पांचवीं सबमरीन आईएनएस वगीर को भारतीय नौसेना में शामिल कर लिया गया है। फ्रांस से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के साथ यहां मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड द्वारा निर्मित आईएनएस वगीर को नौसेनाध्यक्ष एडमिरल आर हरि कुमार की उपस्थिति में एक समारोह में कमीशन किया गया। नौसेना ने कहा कि पनडुब्बी भारतीय नौसेना की क्षमता को बढ़ावा देगी ताकि दुश्मन को रोकने में भारत के समुद्री हितों को आगे बढ़ाया जा सके और संकट के समय में निर्णायक झटका देने के लिए खुफिया, निगरानी और टोही (आईएसआर) का संचालन किया जा सके।
वागीर सबमरीन की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस सबमरीन में अत्याधुनिक तकनीक से लैस नेविगेशन के सिस्टम लगाए गए हैं। भारत समुद्र में अपनी सुरक्षा तेजी से बढ़ा रहा है क्योंकि चीन साउथ चाइना सी में काफी एग्रेसिव है और धीरे-धीरे हिंद महासागर में दूसरे देशों की सीमाओं की तरफ भी नजर उठा रहा है। ऐसे वक्त में भारत ने कलवारी प्रोजेक्ट लॉन्च किया है। जिसके तहत इस सबमरीन को समुद्र में उतारा गया है।