By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 13, 2019
लंदन। स्वीडन के अभियोजकों ने सोमवार को विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों की जांच फिर से शुरू कर दी है। असांजे आरोप पर जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने को लेकर फिलहाल लंदन की एक जेल में कैद हैं। 47 वर्षीय असांजे ने आरोपों से इनकार किया और 2012 में लंदन में इक्वाडोर के दूतावास में शरण लेने के सात वर्षों बाद आरोपों का सामना करने के लिए स्वीडन में प्रत्यर्पण से बचते रहे।
इक्वाडोर ने गत महीने असांजे को दी शरण वापस ले ली जिसके बाद से वह उच्च सुरक्षा वाली बेलमार्श जेल में बंद हैं। उन्हें जमानत की शर्तों को पूरा करने के लिए आत्मसमर्पण ना करने पर 50 हफ्ते जेल की सजा सुनाई। स्वीडन के अधिकारियों ने दो साल पहले दुष्कर्म के मामले की जांच छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें लगता है कि असांजे के इक्वाडोर के दूतावास में छिपे होने के कारण वह इस मामले को आगे नहीं बढ़ा सकते।
इसे भी पढ़ें: विकिलीक्स के संस्थापक असांजे ने ऑस्ट्रेलिया से राजनयिक संरक्षण की मांग की
लोक अभियोजन की उप निदेशक इवा मैरी परसन ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि मैंने प्रारंभिक जांच के बाद आज शुरुआती जांच फिर खोलने का फैसला किया। दूसरी ओर, विकीलीक्स ने कहा कि स्वीडन द्वारा जांच फिर से शुरू करने से असांजे को अपने आप को बेदाग साबित करने का मौका मिलेगा। ऑस्ट्रेलिया में जन्मे असांजे अमेरिका में कम्प्यूटर घुसपैठ की साजिश के आरोपों का सामना कर रहे हैं। वह सरकार की गोपनीय सूचनाओं को लीक करने के अब तक के सबसे बड़े मामले के आरोपी हैं।