Sports Highlights: अवनि लेखारा ने टोक्यो पैरालिंपिक में रचा इतिहास, दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं

By टीम प्रभासाक्षी | Sep 03, 2021

टोक्यो पैरालंपिक्स खेलों में निशानेबाज अवनि लेखरा ने 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच1 स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया जिससे वह दो पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गयीं। वहीं दूसरी ओर टोक्यो पैरालंपिक्स में ऊंची कूद प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर वापस लौटे निषाद कुमार का मैहतपुर से लेकर जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया गया। 

निशानेबाज अवनि लेखरा ने शुक्रवार को यहां तोक्यो खेलों की 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच1 स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया जिससे वह दो पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गयीं। उन्नीस साल की लेखरा इससे पहले 10 मीटर एयर राइफल स्टैडिंग एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। लेखरा ने 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच1 स्पर्धा में 1176 के स्कोर से दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिये क्वालीफाई किया था। फाइनल काफी चुनौतीपूर्ण रहा जिसमें लेखरा ने कुल 445.9 अंक का स्कोर बनाया और वह यूक्रेन की इरिना श्चेटनिक से आगे रहकर पदक हासिल करने में सफल रहीं।

भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीम के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने की संभावना कम: बत्रा

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीम के बर्मिंघम में अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों (सीडब्ल्यूजी) में भाग लेने की संभावना बेहद कम है क्योंकि वे एशियाई खेलों के दौरान अपनी शीर्ष फार्म में रहना चाहेंगी जो 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट है। बत्रा ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को यहां एक औपचारिक बैठक के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के महानिदेशक संदीप प्रधान को इस बात से अवगत करा दिया है।

FIFA WC क्वालीफायर: अर्जेंटीना और ब्राजील जीते, कोलंबिया ने ड्रा खेला

ब्राजील और अर्जेंटीना ने गुरुवार को दक्षिण अमेरिकी विश्व कप क्वालीफायर के अपने मुकाबलो में जीत हासिल की जिसमें न तो लियोनल मेस्सी और न ही नेमार अपनी टीम के लिये अच्छा प्रदर्शन दिखा सके। शीर्ष पर चल रही ब्राजील ने सांटियागो में चिली को 1-0 से शिकस्त दी जिसमें एकमात्र गोल स्थानापन्न खिलाड़ी एवर्टन रिबेरो ने किया। ब्राजील के सभी सातों मैच जीतकर 21 अंक हैं जबकि चिली के छह अंक हैं। अर्जेंटीना ने काराकास में ओलिंपिको स्टेडियम में वेनेजुएला को 3-1 से पराजित किया। उसके लिये लौटारो मार्टिनेज, जोकिन कोरिया और एंजेल कोरिया ने गोल किये।

सिल्वर मेडल विजेता निषाद कुमार का ऊना पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत , मैहतपुर में सतपाल सत्ती ने निषाद का किया अभिवादन

टोक्यो पैरालंपिक्स में सिल्वर मेडल जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रौशन करने वाले अंब निवासी निषाद कुमार का जोरदार स्वागत हुआ। मैहतपुर में छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने निषाद को स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।

टोक्यो पैरालिंपिक: हरविंदर सिंह में जीता कांस्य पदक, भारत की पदक तालिका 13 हुई

भारतीय तीरंदाज हरविंदर सिंह में टोक्यो पैरालिंपिक में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में में कांस्य पदक जीता है। रोमांच से भरे मुकाबले में हरविंदर ने पदक के प्लेऑफ में दक्षिण कोरिया के किम मिन सु को 6-5 से हराकर मौजूदा खेलों में भारत की पदक तालिका को 13 पर पहुंचा दिया। 1960 के बाद आज पहली बार पैरा तीरंदाजी में भारत को पदक मिला है।

प्रमुख खबरें

12 करोड़ की बड़ी कुर्बानी, Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी, BCCI की मुहर का इंतजार!

मुझे Delhi Police गिरफ्तार करने वाली है..., Abhijeet Dipke का Jail Bharo Andolan का आह्वान, Jantar Mantar पर बढ़ा तनाव

भारत से पहली बार कांपा चीन, पुतिन के गुरु बोले हिंदू आ रहे हैं!

Bihar को मिलेगी नई पहचान, Patna का JP Ganga Path बनेगा World-Class Tourism Hub