By रेनू तिवारी | Apr 24, 2026
Breaking News 24 April 2026 | आज की ताज़ा और बड़ी खबरें- देश-दुनिया की ताज़ा और बड़ी खबरें अब आपकी उंगलियों पर! प्रभासाक्षी के इस समाचार बुलेटिन में पढ़ें आज की मुख्य सुर्खियाँ। पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर केजरीवाल को बड़ा झटका दिया और भाजपा में शामिल हो गए। संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि हमने फैसला किया है कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य होने के नाते हम भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे।
बुझने से पहले फड़फड़ा रहा है TMC का दीया, दमदम में दिखा PM मोदी का दमखम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण में हुई रिकॉर्ड वोटिंग को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महा जंगल राज के अंत की शुरुआत बताया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि 4 मई को चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनेगी। उन्होंने महिला मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया और टीएमसी को महिला-विरोधी पार्टी बताया। दम दम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी के गुंडों का हौसला पस्त हो गया है, क्योंकि वे जानते हैं कि उनकी पार्टी चुनाव हारने वाली है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों को लेकर बड़ा दावा किया है। शाह के अनुसार, पहले चरण में हुई 92.88 प्रतिशत की ऐतिहासिक वोटिंग इस बात का स्पष्ट संकेत है कि राज्य की जनता ने ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी TMC सरकार को राज्य में करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
Pawan Khera की मुश्किलें बढ़ीं! Guwahati High Court ने अग्रिम ज़मानत याचिका की खारिज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा को शुक्रवार को गुवाहाटी हाई कोर्ट से एक और झटका लगा। कोर्ट ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा की शिकायत पर उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में उनकी अग्रिम ज़मानत याचिका खारिज कर दी। यह आदेश जस्टिस पार्थिवज्योति सैकिया ने दिया, जिन्होंने इस मंगलवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
हुगली नदी की लहरों पर पीएम मोदी का 'संकल्प': 'गंगा बंगाल की आत्मा है, विकास के लिए हूं प्रतिबद्ध'
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए ऐतिहासिक मतदान के कुछ ही घंटों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अलग ही अंदाज में नजर आए। शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री ने कोलकाता में हुगली नदी (जो गंगा की सबसे पश्चिमी सहायक नदी है) में नाव की यात्रा की और बंगाल की समृद्धि के लिए अपना संकल्प दोहराया। हाथ में कैमरा लिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह अपनी नाव यात्रा और कोलकाता में हुगली नदी के किनारे बिताए पलों की तस्वीरें शेयर कीं।
NSA अजित डोभाल और ब्रिटिश समकक्ष Jonathan Powell की वार्ता
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने बृहस्पतिवार को ब्रिटेन के अपने समकक्ष जोनाथन पॉवेल के साथ व्यापक वार्ता की, जिसमें आतंकवाद, चरमपंथ और खालिस्तान समर्थक तत्वों से संबंधित नयी दिल्ली की चिंताओं को दूर करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्ष ‘‘अस्थिर भू-राजनीतिक वातावरण’’ की पृष्ठभूमि में भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर भी सहमत हुए। डोभाल और पॉवेल ने पश्चिम एशिया की अस्थिर स्थिति और समुद्री सुरक्षा और व्यापार पर इसके प्रभाव पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
Ex Army Chief General Naravane का बड़ा खुलासा, 'LAC गतिरोध के दौरान सेना को मिली थी पूरी छूट
पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने अपनी अप्रकाशित आत्मकथा को लेकर मचे सियासी घमासान पर चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि 2020 के भारत-चीन गतिरोध के दौरान सरकार ने सेना को 'अकेला' छोड़ दिया था। जनरल नरवणे ने स्पष्ट किया कि कठिन परिस्थितियों में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी थी। विभिन्न समाचार चैनलों को दिए साक्षात्कार में जनरल नरवणे ने बताया कि पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर तनाव के दौरान सरकार ने उन्हें निर्णय लेने की "पूरी आजादी" दी थी।
जब तक मुसलमानों को न्याय नहीं मिल जाता, भारत विश्वगुरु नहीं बन सकता: असदुद्दीन ओवैसी का बड़ा बयान
एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर गुजरात के भुज में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 'विश्वगुरु' बनने के लक्ष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक देश के अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुसलमानों को उनके संवैधानिक अधिकार और न्याय नहीं मिलता, तब तक भारत का महाशक्ति बनने का सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने भुज के मतदाताओं से स्थानीय निकाय चुनावों से पहले समुदाय के भीतर राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का आग्रह किया।
जब पूरी दुनिया इस आशंका में है कि ईरान और अमेरिका के बीच क्या कभी शांति समझौता हो पाएगा, तब ईरान ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया है। ईरान ने ट्रंप को सलाह दी है कि उन्हें भारत आकर यहाँ की समृद्ध संस्कृति देखनी चाहिए ताकि उनकी "बकवास" बंद हो सके। मुंबई में ईरान के कॉन्सुलेट जनरल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर महाराष्ट्र की भौगोलिक और सांस्कृतिक विरासत का एक वीडियो साझा करते हुए ट्रंप पर सीधा हमला बोला।
न्यूयॉर्क टाइम्स और पेंटागन के अंदरूनी आकलन एक डरावनी तस्वीर पेश कर रहे हैं। फरवरी 2026 के अंत से शुरू हुए ईरान विरोधी अभियान की तीव्रता इतनी अधिक है कि अमेरिका जिस गति से हथियार खर्च कर रहा है, उस गति से उनका उत्पादन संभव नहीं हो पा रहा है। सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि इससे अमेरिका की वैश्विक रक्षा क्षमता में 'रणनीतिक छेद' हो सकते हैं। अमेरिकी सेना ने उन स्टील्थ हथियारों का उपयोग किया है जिन्हें 'ग्रेट पावर कॉम्पिटिशन' (चीन के साथ युद्ध) के लिए बचाकर रखा गया था:
ईरान के राजनीतिक गलियारों से आ रही खबरें दुनिया को चौंका रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई जीवित और सचेत तो हैं, लेकिन वे हवाई हमलों में लगी गंभीर चोटों के कारण पूरी तरह बिस्तर पर हैं। उनके चेहरे और शरीर पर आए जख्म इतने गहरे हैं कि वे न तो सार्वजनिक रूप से सामने आ पा रहे हैं और न ही बोल पा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए एक बड़े हवाई हमले में पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों की मृत्यु हो गई थी। इस हमले के करीब छह हफ्ते बाद मोजतबा खामेनेई ने सर्वोच्च नेता का पद संभाला, लेकिन वे खुद भी इस हमले में बाल-बाल बचे और बुरी तरह घायल हो गए।