बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिये 71 सीटों पर बुधवार को मतदान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 27, 2020

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के लिये 71 सीटों पर बुधवार को मतदान होगा जिसमें दो करोड़ से अधिक मतदाता 1,066 उम्मीदवारों की किस्मत पर फैसला करेंगे। कोविड-19 के बीच हो रहे चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने सुरक्षित मतदान के लिये दिशानिर्देश जारी किये हैं। इन दिशानिर्देशों के तहत एक मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 1600 से घटाकर 1000 कर दी गयी है। साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिये पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन को सेनिटाइज करना, मतदान कर्मियों के लिये मास्क और सुरक्षा सामग्री और थर्मल स्कैनर, हैंड सेनिटाइजर, साबुन और पानी उपलब्ध कराना शामिल है। 

इसे भी पढ़ें: बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के 34 फीसदी प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले: एडीआर

निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 2.14 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें से 1.01 करोड़ महिलाएं हैं और 599 तृतीय लिंगी हैं। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में 952 पुरूष और 114 महिलाएं हैं। गया शहर सीट पर सबसे अधिक 27 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि बांका जिले की कटोरिया सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। पहले चरण की 71 सीटों पर हो रहे चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू 71 में से35सीटों पर चुनाव लड़ रही जबकि उसकी सहयोगी भाजपा 29 सीटों पर चुनावी समर में है। विपक्षी राजद 42 सीटों पर और कांग्रेस 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी 41 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जिसमें से 35 सीटें वैसी हैं जहां से जदयू चुनाव लड़ रही है। 

इसे भी पढ़ें: बिहार में 10 लाख नौकरियां देने के लिए संसाधनों का अभाव नहीं, नीयत की कमी है: कांग्रेस

पहले चरण में प्रमुख उम्मीदवारो में राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली श्रेयसी सिंह जमुई से चुनाव मैदान में है। उनका मुकाबला राजद के विजय प्रकाश से है जो पूर्व केंद्रीय मंत्री और लालू प्रसाद के करीबी माने जाने वाले जयप्रकाश नारायण यादव के भाई है। जमुई लोकसभा सीट से सांसद लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान हैं। वहीं, जय प्रकाश नारायण यादव की पुत्री दिव्या प्रकाश तारापुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। पहले चरण के चुनाव में राज्य मंत्रिमंडल के छह सदस्य किस्मत आजमा रहे हैं जिसमे गया शहर से प्रेम कुमार, लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा, बांका से राम नारायण मंडल, जहानाबाद से कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, दिनारा से जयकुमार सिंह, राजपुर से संतोष कुमार निराला शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

Jharkhand : मुर्गों की लड़ाई के दौरान व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

Shahjahanpur में रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार पांच लोगों की मौत

वाजपेयी का कार्य और नेतृत्व राष्ट्र के विकास के लिए पथ-प्रदर्शक बना रहेगा: मोदी

Karnataka में नेतृत्व परिवर्तन के बारे में कांग्रेस के भीतर या कहीं भी कोई अटकलें नहीं: Shivakumar