रविवार के दिन जब हो जाए त्योहार की छुट्टी (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jan 07, 2021

ज़िंदगी से कुछ दिन के लिए भगदड़ की छुट्टी कर दी जाए यह उम्दा ख़्वाब है लेकिन ज़्यादातर लोग इस कोशिश में हमेशा फेल रहते हैं और समझते हैं कि पास हो गए। इधर सरकारी कर्मचारियों के जीवन में छुट्टियों का रस निरंतर रहता है। कई त्योहार या उत्सव, उचित मोड़ पर आने से सरकारी दफ्तर एक सप्ताह के लिए भी अचेत हो जाते हैं। आजकल स्वप्न देखे जा रहे हैं, फलां सप्ताह एक छुट्टी लेकर चार हो जाएंगी। उस महीने में दो अवकाश लेकर लेकर, एक दर्जन अच्छे मास्क खरीदकर पूरा हफ्ता घूमने जा सकते हैं।

होली, महावीर जयंती, ईस्टर, मदर्स डे, फादर्स डे, फ्रेंड शिप डे, बाल दिवस सब रविवार को हैं। हाय! कितनी छुट्टियाँ मारी जा रही हैं। सबसे महत्वपूर्ण, करवा चौथ का व्रत भी इतवार को रखना होगा। कुल मिलाकर जितने सार्वजनिक अवकाश होंगे, नेगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत तो उससे कम ही होंगे। कितनी विकसित समानता है कि आज़ादी मिलने के इतने दशक बाद भी हम छुट्टियों के मामले में एक नज़र से नहीं देखे जाते। देखा जाए तो सभी विभाग या इंसान एक जैसे महत्वपूर्ण कैसे माने जा सकते हैं। जब वक़्त सब के साथ एक जैसा सलूक नहीं करता तो बेचारा आदमी कैसे एक दूसरे के साथ बराबरी का व्यवहार कर सकता है।

इसे भी पढ़ें: नया साल मेरा तो नहीं (व्यंग्य)

समझदार प्राइवेट स्कूल प्रबंधकों ने होली, दिवाली, क्रिसमस व नया साल व्यवस्था की सहूलियत के आधार पर असली त्योहार दिवसों से पहले ही मना लेने की सांस्कृतिक परम्परा विकसित की है। दूसरों से ली गई प्रेरणा बहुत कुछ करवा सकती है। त्योहार प्रेमियों का अनुरोध करना बनता है, जो त्योहार रविवार को पड़ते हैं उन्हें बदलकर किसी कार्यदिवस को रखा जाए ताकि रविवार की छुट्टियों का नुकसान न हो और किसी अन्य वार को घोषित अवकाश के दिन उत्सव मनाने का उत्साह बरकरार रहे। बदलते वक़्त के साथ, घोषित तिथि से पहले उत्सव या छुट्टी मना लेने से अवसर की पवित्रता भी कम तो नहीं होगी। ऐसा करने से कार्यदक्षता भी तो बढ़ सकती है। रविवार को रविवार की तरह हज़म कर सकेंगे।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

PSL में खेल रहे David Warner की बढ़ी मुश्किलें, Sydney में शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए

चीन के Nostradamus की बड़ी भविष्यवाणी, Iran-US Tension बदल देगा पूरा Global Order

Jet Fuel संकट में बाकी Airlines पस्त, Delta को Refinery से हो रहा करोड़ों का Profit

Badminton Asia में बड़ी तकनीकी चूक, बिना Hawk-Eye के खेलने पर HS Prannoy ने उठाए गंभीर सवाल