By अंकित सिंह | Apr 20, 2023
यश चोपड़ा की पत्नी पामेला चोपड़ा का आज सुबह निधन हो गया। वह 74 साल की थीं। पामेला चोपड़ा एक प्रसिद्ध भारतीय पार्श्व गायिका थीं। इसके अलावा वह फिल्म लेखक और निर्माता भी थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पिछले 15 दिनों से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती थीं। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा था लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। पामेला चोपड़ा को आखिरी बार YRF डॉक्यूमेंट्री द रोमैंटिक्स में देखा गया था जहाँ उन्होंने अपने पति यश चोपड़ा और उनकी यात्रा के बारे में बात की थी।
1993 की फिल्म आईना का निर्माण स्वतंत्र रूप से उनके द्वारा किया गया था। पामेला ने अपने पति यश चोपड़ा, अपने बेटे आदित्य चोपड़ा और पेशेवर लेखक तनुजा चंद्रा के साथ अपने पति की 1997 की फिल्म दिल तो पागल है की पटकथा का सह-लेखन भी किया था। चोपड़ा का जन्म भारतीय सेना में एक अधिकारी मोहिंदर सिंह की बेटी पामेला सिंह के रूप में हुआ था। तीन बच्चों में सबसे बड़ी थीं। उनके दो छोटे भाई हैं। दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे का "घर आजा परदेसी" गाना उनके सबसे लोकप्रिय गीतों में से एक है।