By अभिनय आकाश | Jan 18, 2022
पूर्वी लद्दाख जहां चीन और भारत एलएसी के बहुत करीब दोनों तरफ से नजरें गड़ाए बैठे हैं। पैंगोंग लेक से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। डेमियन साइमन एक भौगोलिक इंटेलिजेंस एक्सपर्ट हैं और उन्होंने इस इलाके की सैटेलाइट से खीची गई तस्वीरों को देखकर बताया है कि चीन अपनी सीमा की तरफ ही गोंग लेक के सबसे नजदीक इलाकों को जोड़ने के लिए पुल बना रहा है। इस पुल के तैयार होते ही चीन जब भी जरूरत पड़े तब पैंगोंग लेक के दक्षिणी किनारे पर फौरी तौर पर सैन्य असला तैनात करने में सफल हो जाएगा।
द इंटेल लैब में जियोआईएनटी रिसर्चर डेमियन साइमन ने कहा, "निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए भारी मशीनरी (क्रेन) भी लगाई गई है, जिससे खराब मौसम और बर्फबारी में काम जारी रह सकेगा।" एक नया ट्रैक भी देखा गया है जो कि ब्रिज को खुर्नक किले (पैंगोंग के उत्तरी किनारे) के पास एक सड़क नेटवर्क से जोड़ रहा है, जो इसे गाड़ी चलाने के लिए अच्छे से तैयार सड़क के जरिए उत्तर के इलाकों के साथ जोड़ता है।