भाजपा नेता ने राजगढ़ की महिला कलेक्टर के खिलाफ की अभद्र टिप्पणी, जानें पूरा मामला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 23, 2020

राजगढ़। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव ने राजगढ़ की महिला कलेक्टर निधि निवेदिता के खिलाफ बुधवार को बेहद अभद्र टिप्पणी की है। निधि राजगढ़ जिले के ब्यावरा में संशोधित नागिरकता कानून (सीएए) के समर्थन में रैली निकालने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को तीन दिन पहले चांटे मार कर सुर्खियों में आई थीं। भाजपा नेता कलेक्टर द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं को चांटे मारने के विरोध में बुधवार को ब्यावरा में प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे थे।

यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चांटे मारने के विरोध में बुधवार को ब्यावरा में किये गये प्रदर्शन के दौरान मंच से कलेक्टर के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। उन्होंने मध्यप्रदेश की कांग्रेस नीत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ये बदले की भावना है।’’ इस मामले में राजगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ता एवं वकील शेख़ मुजीब ने बद्रीलाल यादव के विरुद्ध भादंवि की धारा 354 एवं 509 के तहत मामला दर्ज करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस के ऑनलइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज़ की है।

इसे भी पढ़ें: राजगढ़ की दो महिला अधिकारियों की बहादुरी पर हमें गर्व: दिग्विजय सिंह

इस बीच, मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने भोपाल में कहा, ‘‘इससे शर्मनाक कुछ और बयान हो ही नहीं सकता।’’ उन्होंने कहा कि आश्चर्य इस बात का है कि उनकी इस टिप्पणी पर एक भी भाजपा नेता ने अब तक माफ़ी नहीं माँगी है और माफी न मांग कर एक प्रकार से अपना मौन समर्थन दिया है। सलूजा ने बताया कि भाजपा नेतृत्व को इस आपत्तिजनक टिप्पणी पर महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए और बद्री लाल यादव को तत्काल पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।

वहीं, मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि पार्टी बद्रीलाल यादव के विवादित बयान का समर्थन नहीं करती है और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने में विश्वास करती है। बद्रीलाल यादव के विवादित बोल के बाद भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव एवं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी इस सभा में शामिल हुए और कलेक्टर निधि द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को चांटा मारने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सभा स्थल पर आवेदन दिया।

इसे भी पढ़ें: भाजपा 22 जनवरी को राजगढ़ में करेगी प्रदर्शन, कलेक्टर के खिलाफ दर्ज कराएगी FIR

मालूम हो कि कलेक्टर निधि निवेदिता एवं उनके अधीनस्थ काम कर रहीं डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा ने राजगढ़ जिले के ब्यावरा में सीएए के समर्थन में धारा 144 लगाने के बाद भी रैली निकालने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को भारी तादाद में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामने कथित रूप से रविवार को चांटे मारे थे।

इसे भी देखें: राजनीतिक गलियारों में कलेक्टर के थप्पड़ की गूंज

प्रमुख खबरें

Jharkhand में ED का बड़ा एक्शन, नोटों का अंबार मंत्री के पीएस के घर मिला

भाजपा ने आयोग से निकम को ‘बदनाम’ करने के लिए वडेट्टीवार के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया

Southern Lebanon में इजराइली हमले में चार नागरिकों की मौत: मीडिया

Puri Assembly Seat के कांग्रेस उम्मीदवार पर हमला, घायल