Raj Thackeray का तंज, परिसीमन पर NCP SP का रुख सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की कोशिश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने शरद पवार नीत राकांपा द्वारा परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वह पहले ही भविष्यवाणी कर चुके थे कि यह दल सत्ता हासिल करने की राह पर है। मनसे प्रमुख ने दावा किया कि जुलाई 2023 से दोनों गुटों के बीच संघर्ष का नाटक रचा जा रहा था।

राकांपा (शप) द्वारा परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने शनिवार को कहा कि उन्होंने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी ‘सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने’ की राह पर अग्रसर है। ठाकरे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने यह बात दो जुलाई 2023 को ही कह दी थी, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का एक गुट अलग होकर भाजपा की ओर चला गया था। अगले तीन वर्षों तक, राकांपा के दोनों गुटों ने संघर्ष का एक विश्वसनीय नाटक रचा।

और अब, ठीक मेरी भविष्यवाणी के अनुसार, एक और गुट आगे बढ़ रहा है - सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की तलाश में।’’ मनसे प्रमुख ने कहा,‘‘मैंने एक बार कहा था कि यह सब पवार के जंतर-मंतर का हिस्सा है। यह ऐसी चीज है जिसे बहुत कम लोग ही वास्तव में समझ पाते हैं।’’ शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) ने संसद में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण पर संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने हाल में हुई एक बैठक के दौरान अपने नेताओं को इस फैसले की जानकारी दी।

सूत्रों ने शनिवार को ऐसा दावा किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़