Women Reservation Bill पर Naveen Patnaik करेंगे आखिरी फैसला, BJD करेगी अध्ययन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधेयक पर बीजू जनता दल ने कहा है कि वह संसद में इसके पेश होने के बाद प्रावधानों की समीक्षा करेगा। पार्टी के राज्यसभा दल के नेता मानस मंगराज के अनुसार राज्य के हितों से कोई समझौता नहीं होगा। अंतिम रुख पार्टी प्रमुख तय करेंगे।

बीजू जनता दल (बीजद) ने शनिवार को कहा कि वह महिला आरक्षण से संबंधित परिसीमन विधेयक पर अपना रुख तय करने से पहले विस्तार से अध्ययन करेगा और इस पर अंतिम निर्णय पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक लेंगे। केंद्र सरकार संसद के निचले सदन लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में प्रत्येक राज्य तथा केंद्र शासित प्रदेश की सीट के आवंटन में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण प्रदान करने के लिए सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। बीजद ने कहा कि संसद में औपचारिक रूप से विधेयक पेश किए जाने और उनके प्रावधानों की पड़ताल किए जाने से पहले वह किसी निर्णय पर पहुंचने में जल्दबाजी नहीं करेगा।

राज्यसभा में बीजद के पांच सदस्य हैं और लोकसभा में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। बीजद के राज्यसभा संसदीय दल के नेता मानस मंगराज ने कहा कि पार्टी प्रस्तावित कानून की गहन समीक्षा करने के बाद सोच-समझकर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने हमेशा ओडिशा और यहां के लोगों के हितों को प्राथमिकता दी है और राज्य के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।’’ मंगराज ने कहा, ‘‘चूंकि लोकसभा में बीजद का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, इसलिए विधेयकों के औपचारिक रूप से पेश होने और उनका विस्तार से अध्ययन किए जाने से पहले किसी फैसले में जल्दबाजी करने का कोई कारण नहीं है।

हमारा संसदीय दल प्रत्येक प्रावधान की सावधानीपूर्वक जांच करेगा और पार्टी अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार कार्य करेगा।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़