By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 24, 2020
तिरूवनंतपुरम। केरल में कोरोना वायरस के अब तक एक दिन में सर्वाधिक 152 मामले बुधवार को सामने आए जिन्हें मिला कर राज्य में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या 3,603 हो गई। राज्य में 1.50 लाख लोगों को निगरानी में रखा गया है। इनमें से 144 व्यक्ति विदेश और अन्य राज्यों से वापस लौटे हैं। राज्य में लगातार छठे दिन कोविड-19 के 100 से अधिक मामले सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 1,691 मरीजों का इलाज चल रहा था जिनमें से 89 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। नए मामलों में से 98 व्यक्ति विदेश से लौटे हैं और 46 अन्य राज्यों से वापस आए हैं। 15 मरीज दिल्ली से, 12 पश्चिम बंगाल से और पांच महाराष्ट्र से वापस आए हैं। विजयन ने संवाददाताओं को बताया कि आठ व्यक्ति संक्रमितों के संपर्क में आ कर प्रभावित हुए हैं।