By अभिनय आकाश | Jan 27, 2022
बीजेपी की सहयोगी पार्टी नेशनल पीपुल्स पार्टी ने मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए अपने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा की, जिसमें उप मुख्यमंत्री वाई जॉयकुमार सिंह सहित तीन मौजूदा विधायक अपनी सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। एनपीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा द्वारा अनुमोदित सूची में उपमुख्यमंत्री युमनाम जॉय कुमार सिंह (उरीपोक विधानसभा क्षेत्र) और मौजूदा विधायक एल जयंत कुमार सिंह (केशमथोंग) और एन काइसी (तदुबी) शामिल हैं।
गौरतलब है कि भाजपा ने 2017 में कांग्रेस की 28 की तुलना में सिर्फ 21 सीटें होने के बावजूद सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की थी क्योंकि उसने खेमे ने दो क्षेत्रीय दलों- एनपीपी और एनपीएफ के साथ गठबंधन किया। एनपीपी ने 2017 के राज्य चुनावों में नौ निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार खड़े किए थे और चार जीते थे। 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा के लिए 2022 का चुनाव 27 फरवरी और 3 मार्च को होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।