Green Tea For Pimples: पिंपल्स से परेशान हैं? ग्रीन टी को चेहरे पर इन 3 तरीकों से करें इस्तेमाल

green tea for pimples
Image Credit- AI generated image (Chatgpt)
मिताली जैन । Oct 17 2026 6:19PM

ग्रीन टी इस्तेमाल करने का यह सबसे आसान तरीका है। इसके लिए एक कप पानी में ग्रीन टी बैग डालकर चाय तैयार करें। इसमें चीनी, शहद या दूध न मिलाएं। चाय को पूरी तरह ठंडा होने दें। अब एक साफ कॉटन पैड की मदद से इसे चेहरे के उस हिस्से पर हल्के हाथों से लगाएं, जहां पिंपल्स निकलते हैं।

हम सभी को क्लीयर और ग्लोइंग स्किन चाहिए होती है, लेकिन अगर फेस पर पिंपल्स निकल आएं तो परेशान होना लाजमी है। ऐसे में हम मार्केट में मिलने वाले तरह-तरह के प्रोडक्ट्स से लेकर घरेलू नुस्खे आजमाना शुरू कर देते हैं। ऐसी ही एक चीज है ग्रीन टी, जिसे लोग सिर्फ सेहत के लिए ही नहीं, बल्कि त्वचा के लिए भी वरदान मानी जाती है।

दरअसल, ग्रीन टी में कैटेचिन जैसे एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं। कुछ शोध बताते हैं कि ग्रीन टी के अर्क को त्वचा पर लगाने से मुंहासों और त्वचा में होने वाली सूजन को कम करने में मदद मिल सकती है। तो चलिए जानते हैं कि इसे अपने स्किन केयर रूटीन में कैसे इस्तेमाल करें-

इसे भी पढ़ें: Karwa Chauth पर Parlour जैसा निखार देगा मसूर दाल Face Pack, घर पर ऐसे बनाएं

ग्रीन टी से चेहरा करें क्लीन

ग्रीन टी इस्तेमाल करने का यह सबसे आसान तरीका है। इसके लिए एक कप पानी में ग्रीन टी बैग डालकर चाय तैयार करें। इसमें चीनी, शहद या दूध न मिलाएं। चाय को पूरी तरह ठंडा होने दें। अब एक साफ कॉटन पैड की मदद से इसे चेहरे के उस हिस्से पर हल्के हाथों से लगाएं, जहां पिंपल्स निकलते हैं। कुछ मिनट बाद सादे पानी से चेहरा धो लें। ध्यान रखें कि ग्रीन टी को चेहरे पर लगाने से पिंपल्स ठीक होने की गारंटी नहीं है। इसे सामान्य त्वचा देखभाल के एक वैकल्पिक तरीके की तरह ही देखें।  

ग्रीन टी से बनाएं आइस क्यूब

ग्रीन टी आइस क्यूब चेहरे की सूजन को कम करने के साथ-साथ कुछ समय के लिए ठंडक दे सकती है। इसके लिए बिना चीनी वाली ग्रीन टी बनाकर ठंडा करें और साफ आइस ट्रे में जमा दें। इस्तेमाल करने से पहले आइस क्यूब को एक मुलायम, साफ कपड़े में लपेटें और चेहरे पर कुछ सेकंड के लिए हल्के हाथों से रखें। याद रखें कि कभी भी बर्फ को सीधे चेहरे पर न लगाएं और न ही किसी एक पिंपल पर लंबे समय तक रखें। इससे त्वचा में जलन या ठंड से नुकसान हो सकता है।  

ग्रीन टी और एलोवेरा जेल का करें इस्तेमाल

एलोवेरा जेल का इस्तेमाल त्वचा को नमी देने के लिए किया जाता है। ग्रीन टी के साथ इसका इस्तेमाल करना स्किन के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके लिए आप थोड़ी-सी ठंडी ग्रीन टी में एलोवेरा जेल मिलाएं। इस मिश्रण को पहले हाथ के अंदरूनी हिस्से या कान के पीछे थोड़ी-सी त्वचा पर लगाकर देखें। कोई परेशानी न हो, तभी चेहरे के छोटे हिस्से पर इस्तेमाल करें। कुछ मिनट बाद इसे धो लें।

- मिताली जैन

All the updates here:

अन्य न्यूज़