अब ध्यान नहीं देता, Amol Parashar ने बताया कैसे करतें हैं अफवाहों से डील

'ग्राम चिकित्सालय' की सफलता का आनंद ले रहे एक्टर अमोल पाराशर ने कोंकणा सेनशर्मा संग अफेयर की अफवाहों को एक्टर की जिंदगी का हिस्सा बताया है। इंटरव्यू में उन्होंने अपने करियर, ओटीटी की सफलता और फीमेल फैंस से डील करने के अपने तरीके पर भी खुलकर बात की।
एक्टर अमोल पाराशर इन दिनों सातवें आसमान पर हैं। हाल ही में उनकी सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' का दूसरा सीजन रिलीज हुआ है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इस शो में उन्होंने डॉक्टर प्रभात सिन्हा का किरदार निभाया है। अमोल का कहना है कि उन्होंने पिछले 10 सालों में बहुत काम किया है, लेकिन 'ट्रिपलिंग' के बाद यह उनका दूसरा ऐसा प्रोजेक्ट है जो इतना बड़ा हिट साबित हुआ है। उन्हें हमेशा एक जैसे रोल करने से डर लगता है, इसलिए वे अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर बेहद खुश हैं।
दर्शकों को पसंद आ रहे हैं सॉफ्ट हीरो
आजकल फिल्मों और सीरीज में जहां हर तरफ मार-धाड़ और गुस्से वाले हीरो छाए हुए हैं, वहीं अमोल का डॉ. प्रभात का किरदार बहुत ही सीधा-साधा और भावुक है। जब अमोल से पूछा गया कि क्या ऐसे किरदार को पसंद किए जाने से उन्हें खुशी मिलती है? इस पर उन्होंने कहा कि दर्शकों को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि हीरो कितना गुस्सैल है या कितना सीधा। दर्शक सिर्फ मनोरंजन चाहते हैं। अगर कहानी और काम अच्छा है, तो लोग उसे जरूर पसंद करेंगे।
इसे भी पढ़ें: OMG 2 विवाद पर Producer Ashwin Varde का बयान, Paresh Rawal के दावे खारिज किए
फीमेल फैंस से मिलता है खूब प्यार
इस सीधे-साधे डॉक्टर के रोल की वजह से असल जिंदगी और सोशल मीडिया पर लड़कियों के बीच अमोल की लोकप्रियता बहुत बढ़ गई है। अमोल इस बात से खुश हैं, लेकिन अब वे थोड़े सावधान भी रहते हैं। उनका कहना है कि लड़कियां उनसे खुलकर बात इसलिए कर पाती हैं क्योंकि वे उनके साथ सुरक्षित महसूस करती हैं। इसलिए अमोल कभी भी किसी फैन को पर्सनल मैसेज में जवाब नहीं देते। वे सिर्फ पब्लिक कमेंट्स में ही बात करते हैं, ताकि कोई उनकी बात का गलत मतलब न निकाले और उनके फैंस हमेशा सेफ महसूस करें।
कोंकणा संग अफेयर की खबरों पर रखी राय
अमोल को ओटीटी पर तो बहुत कामयाबी मिली है, लेकिन फिल्मों में अभी उनका सिक्का जमना बाकी है। फिल्म 'सरदार उधम' में भगत सिंह के रोल के लिए उनकी तारीफ जरूर हुई थी, पर कोरोना महामारी की वजह से उनकी फिल्में बड़े पर्दे पर रिलीज नहीं हो पाईं। अमोल का कहना है कि वे सिर्फ नाम के लिए फिल्में नहीं करना चाहते, बल्कि अच्छे काम का इंतजार करने को तैयार हैं। वहीं, एक्ट्रेस कोंकणा सेनशर्मा के साथ अफेयर की अफवाहों पर अमोल ने कहा कि पहले उन्हें इन खबरों पर गुस्सा आता था, लेकिन अब वे समझ गए हैं कि एक एक्टर की जिंदगी में यह सब आम बात है। लोग उनके बारे में बातें करना पसंद करते हैं और अब वे इन अफवाहों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते।
अन्य न्यूज़














