Kalyani Steels ने अमित कल्याणी को बनाया नया Chairman, बाबासाहेब से हुआ नेतृत्व हस्तांतरण

कल्याणी स्टील्स लिमिटेड ने बुधवार को अमित कल्याणी को अपने निदेशक मंडल का नया चेयरमैन नियुक्त किया। यह बदलाव 1973 से पद संभाल रहे बाबासाहेब कल्याणी से योजनाबद्ध नेतृत्व हस्तांतरण का हिस्सा है। बाबासाहेब आगे भी बोर्ड को सलाह देते रहेंगे, जबकि अमित कंपनी के हरित इस्पात और डिजिटल परिचालन विस्तार पर ध्यान देंगे।
कल्याणी समूह की कंपनी कल्याणी स्टील्स लिमिटेड ने अमित कल्याणी को निदेशक मंडल का चेयरमैन नियुक्त करने की घोषणा बुधवार को की। यह बाबासाहेब कल्याणी से नेतृत्व हस्तांतरण की योजनाबद्ध प्रक्रिया का हिस्सा है। बाबासाहेब ने 1973 में कंपनी की स्थापना के बाद से इसके चेयरमैन का पद संभाला है।
कंपनी ने बयान में कहा कि अमित की नियुक्ति 28 अक्टूबर को कारोबारी समय समाप्त होने के बाद से प्रभावी होगी। बाबासाहेब निदेशक मंडल को सलाह देना जारी रखेंगे। बयान के अनुसार, भारत फोर्ज लिमिटेड के उपाध्यक्ष एवं संयुक्त प्रबंध निदेशक अमित कल्याणी 25 साल से अधिक समय से कल्याणी समूह के कारोबार से निकटता से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने समूह के विमानन, रक्षा, इलेक्ट्रिक परिवहन और उन्नत सामग्री के क्षेत्रों में विस्तार का नेतृत्व किया है। उन्होंने कई वर्षों तक कल्याणी स्टील्स के प्रबंध निदेशक आर. के. गोयल के साथ मिलकर कंपनी की वृद्धि रणनीति तैयार करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए काम किया है। बाबासाहेब कल्याणी ने कहा, ‘‘ संस्थाएं तभी टिकाऊ बनी रहती हैं, जब नेतृत्व समय के साथ बदलता है।
अमित की सक्रिय भागीदारी का कंपनी की वृद्धि रणनीति पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में कल्याणी स्टील्स अपनी मजबूत नींव पर आगे बढ़ेगी और उद्योग के लिए नए मानक स्थापित करेगी।’’ कल्याणी स्टील्स लिमिटेड के चेयरमैन (नामित) अमित कल्याणी ने कहा, ‘‘भारत की विनिर्माण संबंधी महत्वाकांक्षाओं के लिए अधिक पर्यावरण-अनुकूल, उन्नत और विश्वस्तरीय सामग्री की जरूरत है। ऐसे में हम हरित इस्पात, उन्नत सामग्री और डिजिटल परिचालन की दिशा में अपनी यात्रा तेज करेंगे, रणनीतिक क्षेत्रों और वैश्विक बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाएंगे तथा भारतीय इस्पात उद्योग के लिए नए मानक स्थापित करेंगे।’’
अन्य न्यूज़













