Davos meeting में शामिल होने के लिए स्विट्जरलैंड पहुंचे मुख्यमंत्री फडणवीस

Fadnavis
ANI

फडणवीस पिछले साल भी दावोस बैठक में शामिल हुए थे और 54 समझौता ज्ञापनों के जरिए महाराष्ट्र में 15.7 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की घोषणा की गई थी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार को स्विट्जरलैंड की पांच दिवसीय यात्रा पर ज्यूरिख पहुंचे, जहां वह दावोस में होने वाली विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में भाग लेंगे। ज्यूरिख पहुंचने पर स्थानीय मराठी समुदाय के सदस्यों ने पारंपरिक मराठी वेशभूषा में उनका स्वागत किया और इस अवसर पर ‘महाराष्ट्र गीत’ भी प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने यहां जारी एक बयान में कहा कि इस अवसर पर फडणवीस ने आत्मीय स्वागत के लिए मराठी समुदाय का आभार व्यक्त किया। भारत के स्विट्जरलैंड स्थित राजदूत मृदुल कुमार ने उनका औपचारिक स्वागत किया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और के. राम मोहन नायडू ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर हाल ही में हुए महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ गठबंधन के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी।

स्विट्जरलैंड के बृहन्महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में ‘वेलकम देवाभाऊ’ के बैनर लगाए गए थे। इस सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक मराठी समुदाय से जुड़ाव मजबूत करने तथा भारतीय संस्कृति, और पहचान को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने ‘महा-एनआरआई फोरम’ की स्थापना की है।

फडणवीस ने कहा, “सांस्कृतिक शक्ति ही विकास की बुनियाद है, और इसी से आर्थिक तथा भौतिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है।” उन्होंने बताया कि मुंबई के विकास के लिए एक नया रोडमैप लागू किया जा रहा है और अगले पांच वर्षों में मुंबई विकसित देशों की राजधानियों से भी अधिक आधुनिक होगी।

मुख्यमंत्री ने स्विट्जरलैंड के स्कूलों में मराठी की कक्षाएं शुरू करने की अंतरराष्ट्रीय मराठी मंच की पहल की भी सराहना की। फडणवीस पिछले साल भी दावोस बैठक में शामिल हुए थे और 54 समझौता ज्ञापनों के जरिए महाराष्ट्र में 15.7 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की घोषणा की गई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़