IPO Market में बहार! SEBI ने 3 कंपनियों को दी हरी झंडी, जुटाएंगी ₹3300 करोड़

SEBI
ANI

बाजार नियामक सेबी ने ईस्टमैन ऑटो एंड पावर, माइलस्टोन गियर्स और बॉनब्लॉक टेक्नोलॉजीज को आईपीओ के जरिए 3,300 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की अनुमति दी है। यह मंजूरी ऊर्जा, ऑटो कलपुर्जा और एआई जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के नए अवसर प्रस्तुत करती है।

बाजार नियामक सेबी ने ऊर्जा क्षेत्र की ईस्टमैन ऑटो एंड पावर, कलपुर्जा विनिर्माता माइलस्टोन गियर्स और कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र की कंपनी बॉनब्लॉक टेक्नोलॉजीज को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से कुल 3,300 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी दे दी है। इन कंपनियों ने अक्टूबर और दिसंबर के बीच भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास अपने शुरुआती दस्तावेज जमा कराए थे, जिस पर नियामक ने चार से पांच मार्च के दौरान अपनी टिप्पणियां जारी कीं।

सेबी की में टिप्पणी जारी करने का अर्थ सार्वजनिक निर्गम लाने की मंजूरी मिलना होता है। मर्चेंट बैंकरों के अनुसार, ये तीनों कंपनियां मिलकर आईपीओ के जरिये 3,300 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की तैयारी में हैं। ईस्टमैन ऑटो एंड पावर का आईपीओ 1,800 से 2,000 करोड़ रुपये का होगा।

प्रस्तावित आईपीओ नए शेयर जारी करने और बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण होगा। माइलस्टोन गियर्स 1,100 करोड़ रुपये जुटाएगी, जिसमें 800 करोड़ रुपये नए शेयर और 300 करोड़ रुपये का ओएफएस है। बॉनब्लॉक टेक्नोलॉजीज का प्रस्तावित आईपीओ 230 करोड़ रुपये के नए शेयरों और प्रवर्तक बॉनब्लॉक इंक द्वारा तीन करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश का संयोजन है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़