यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-18 में गौड़ ग्रुप ने 700 करोड़ रुपये में खरीदी 35 एकड़ जमीन

yamuna expressway
AI-Generated

रियल एस्टेट डेवलपर गौड़ ग्रुप ने विस्तार योजना के तहत आईसीआईसीआई बैंक की खुली नीलामी के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे के पास तीन भूखंड हासिल किए हैं। इस 35 एकड़ जमीन में सबसे बड़ा भूखंड 24 एकड़ का है, जहां आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। कंपनी अगले साल मार्च तक नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में तीन से चार नई परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है।

रियल एस्टेट कंपनी गौड़ ग्रुप ने विस्तार योजना के तहत आवासीय परियोजनाएं विकसित करने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के पास 35 एकड़ जमीन करीब 700 करोड़ रुपये में आईसीआईसीआई बैंक की नीलामी में खरीदी है। कंपनी ने यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-18 में तीन भूखंड आईसीआईसीआई बैंक की नीलामी में खरीदे हैं। यह एक्सप्रेसवे नोएडा और ग्रेटर नोएडा को आगरा से जोड़ता है।

गौड़ समूह के चेयरमैन मनोज गौड़ ने कहा, ‘‘हमने आईसीआईसीआई बैंक से करीब 700 करोड़ रुपये में 35 एकड़ जमीन खरीदी है।’’ इन तीन भूखंड में सबसे बड़ा 24 एकड़ का है। कंपनी ने कहा, ‘‘जमीन आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड से खुली नीलामी में खरीदी गई है। हम ईडीसी (बाहरी विकास शुल्क), किसानों को मुआवजा आदि जैसे सभी लंबित बकाये का निपटान कर रहे हैं।’’ दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल गौड़ ग्रुप की 24 एकड़ के भूखंड पर आवासीय परियोजना शुरू करने की योजना है।

गौड़ ने कहा कि कंपनी अगले साल मार्च तक नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे पर तीन से चार आवासीय परियोजनाएं शुरू करने की योजना बना रही है। गौड़ ग्रुप ने पिछले वित्त वर्ष में 5,500 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की थी। आगामी परियोजनाओं को देखते हुए कंपनी को वित्त वर्ष 2026-27 में अपनी बिक्री बुकिंग को पिछले वित्त वर्ष के स्तर पर बनाए रखने या उससे बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है।

चालू वित्त वर्ष में गौड़ ग्रुप यमुना एक्सप्रेसवे पर एक आवासीय परियोजना पहले ही शुरू कर चुका है। इस परियोजना से कुल 1,900 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है। गौड़ ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में प्रतिष्ठित रियल एस्टेट डेवलपर की नई परियोजनाओं की सीमित आपूर्ति के कारण आवास की मांग मजबूत बनी हुई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़