Gold Price में गिरावट, दिल्ली में 1,400 रुपये फिसलकर 1.53 लाख रुपये हुआ सोना

रुपये में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आई कमजोरी से दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने के भाव गिर गए। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,400 रुपये टूटकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं चांदी की कीमतों में भी 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
रुपये में मजबूती और वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने की कीमत 1,400 रुपये घटकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये गिरकर 2,26,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई।
पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत मिलने के कारण सोमवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में नरमी रही। रुपये में मजबूती ने भी कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ाया।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने घरेलू मुद्रा को मजबूती देने के उद्देश्य से सप्ताहांत में कई उपाय किए थे। इसके बाद सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 पैसे मजबूत होकर 95.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। छह महीने से अधिक समय में यह एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त थी।
गांधी ने कहा कि भौतिक सोने की मांग मिली-जुली रही। कीमतों में तेजी आने के बाद घरेलू बाजार में सोने की खरीदारी सुस्त रही, जबकि चीन में छुट्टियों के कारण कम कारोबार वाले दौर के बाद मांग बढ़ने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 17.36 डॉलर यानी 0.41 प्रतिशत गिरकर 4,176.88 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी मामूली गिरावट के साथ 60.66 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
ब्रोकरेज मंच लेमॉन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा, “कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बावजूद वैश्विक बाजारों में सोना गिरकर करीब 4,179 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। अमेरिकी डॉलर सूचकांक 18 महीने के उच्च स्तर के करीब बना रहा, जिससे कीमती धातुओं की कीमतों में और तेजी की संभावना सीमित हो गई।” गर्ग ने कहा कि रूस से ऊर्जा आपूर्ति बढ़ने की उम्मीदों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई और तत्काल आपूर्ति संबंधी चिंताएं कम हुईं। हालांकि, पश्चिम एशिया में नए सिरे से बढ़े तनाव और क्षेत्रीय समुद्री परिवहन के समक्ष जोखिमों के कारण तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहा।
अन्य न्यूज़













