Bengal के छात्रों के लिए Good News, अब Smart Classroom वाले 430 नए स्कूल बनाएगी सरकार।

WB Schools
प्रतिरूप फोटो
AI Generated

पश्चिम बंगाल सरकार, एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से 2,500 करोड़ रुपये की लागत से 430 आधुनिक मॉडल स्कूल स्थापित करेगी, जिसका उद्देश्य राज्य की शिक्षा प्रणाली को मजबूत करना है। शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु के अनुसार, इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और विकलांग बच्चों के लिए समावेशी सुविधाएं होंगी।

पश्चिम बंगाल में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की वित्तीय सहायता से लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से कुल 430 मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बसु ने राज्य प्रशासनिक मुख्यालय में हुई मंत्रिमंडल बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि इस पहल का लक्ष्य पूरे राज्य में शिक्षा प्रणाली का विस्तार करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘एडीबी की सहायता से राज्य में कुल 430 मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। इस पर करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत आएगी।’’ बसु ने कहा कि राज्य के हरेक ब्लॉक में एक मॉडल स्कूल स्थापित किया जाएगा, जबकि 87 पिछड़े ब्लॉक में इस तरह के दो-दो स्कूल खोले जाएंगे।

शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘इन मॉडल स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम, पर्यावरण-अनुकूल स्कूल भवन, प्रयोगशालाएं, डिजिटल बुनियादी ढांचा, पुस्तकालयों और खेलों के लिए विशेष सुविधाएं और अच्छी स्वच्छता सुविधाएं होंगी।’’ उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में खासकर विकलांग बच्चों के लिए समावेशी शिक्षा के लिए बुनियादी ढांचा भी होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़