RBI Data: विदेशी मुद्रा भंडार 5.01 अरब डॉलर गिरकर 721.02 अरब डॉलर पर आया

India Forex
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय रिजर्व बैंक के ताजा आंकड़ों के अनुसार 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 5.01 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 5.76 अरब डॉलर घटकर 591.85 अरब डॉलर रह गई, जबकि देश का स्वर्ण भंडार बढ़कर 105.8 अरब डॉलर पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार रुपये को संभालने के लिए डॉलर की बिक्री और एफसीएनआर संसाधनों का उपयोग इस गिरावट का मुख्य कारण है।

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 5.01 अरब डॉलर घटकर 721.02 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 8.58 अरब डॉलर घटकर 726.03 अरब डॉलर रहा था।

प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना के तहत बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने से चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के उच्चतम स्तर 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस योजना के जरिये बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई थी। हालांकि, इसके बाद से विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार गिरावट आ रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार में तेज गिरावट की वजह विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) यानी एफसीएनआर (बी) संसाधनों का उपयोग और आरबीआई द्वारा डॉलर की बिक्री के जरिये रुपये का संभालना है। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 5.76 अरब डॉलर घटकर 591.85 अरब डॉलर रही। डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

केंद्रीय बैंक ने बताया कि आलोच्य सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 706 करोड़ डॉलर बढ़कर 105.8 अरब डॉलर हो गया। वहीं, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) तीन करोड़ डॉलर बढ़कर 18.58 अरब डॉलर हो गए। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित जमा 1.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर हो गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़