भारतीय कंपनियों का जनवरी में एफडीआई 57 % घटा
भारतीय कंपनियों का जनवरी माह में विदेशों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 57.3 प्रतिशत घटकर 1.82 अरब डालर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों में यह बात सामने आई है।
भारतीय कंपनियों का जनवरी माह में विदेशों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 57.3 प्रतिशत घटकर 1.82 अरब डालर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों में यह बात सामने आई है। इससे एक साल पहले जनवरी में भारतीय कंपनियों ने विदेशों में 4.25 अरब डालर का निवेश किया था। दिसंबर में उनका निवेश 2.49 अरब डालर रहा था। कंपनियों के विदेशों में किये गये कुल 1.82 अरब डालर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में से 24.67 करोड़ डालर का निवेश इक्विटी के रूप में किया गया जबकि 48.37 करोड़ डालर का निवेश ऋण के रूप में किया गया।
शेष 1.09 अरब डालर की गारंटी भारतीय कंपनियों ने अपने विदेशों में स्थित इकाई को दी है। विदेशों में किये गये कुछ प्रमुख निवेशों में से भारत पेट्रोरिसोर्सिज ने आस्ट्रेलिया और सिंगापुर की अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाइयों में चार किस्तों में 72.14 करोड़ डालर का निवेश किया है। इंटास फार्मास्युटिकल्स ने ब्रिटेन की अपनी इकाई में 34.43 करोड़ डालर निवेश किया जबकि ओएनजीसी विदेशी ने म्यांमा, रूस और वियतनाम स्थित अपने चार अलग अलग संयुक्त उद्यमों में 5.25 करोड़ डालर का निवेश किया। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सिंगापुर स्थित अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई में चार करोड़ डालर का निवेश किया है।
अन्य न्यूज़