Indian Rupee की कमजोर शुरुआत, US Dollar के मुकाबले 6 पैसे टूटकर 90.62 पर आया

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हुआ, जबकि विदेशी निवेशकों की लिवाली और शेयर बाजार में सकारात्मक माहौल के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमतों में भी उछाल दर्ज किया गया, जो एक मिश्रित आर्थिक संकेत है।
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.62 पर आ गया। भू-राजनीतिक तनाव और आयातकों की ओर से डॉलर की मांग के कारण निवेशकों की भावनाएं प्रभावित हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.56 पर खुला।
फिर थोड़ा टूटकर 90.62 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया हालांकि शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 90.46 पर भी पहुंचा। रुपया मंगलवार को 10 पैसे की बढ़त के साथ 90.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.66 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 141.21 अंक चढ़कर 84,415.13 अंक पर जबकि निफ्टी 51.95 अंक की बढ़त के साथ 25,987.10 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.34 डॉलर प्रति बैरल रहा।
विदेशी निवेशकों के प्रदर्शन में हालांकि कुछ सुधार देखने को मिला है। इस महीने अब तक भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों का निवेश करीब दो अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
अन्य न्यूज़











