IRCTC का Mega Europe Tour Package: 13 दिन में 7 देशों की सैर, जानें Booking की पूरी Details

IRCTC Europe Tour Package
प्रतिरूप फोटो
AI Generated

आईआरसीटीसी ने ग्रीष्मकालीन अवकाश 2026 के लिए एक विशेष यूरोप टूर पैकेज की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य 'यूनाइटेड इंडिया' की अवधारणा को साकार करना है। इस 13-दिवसीय यात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक एक साथ फ्रांस, इटली और स्विट्जरलैंड जैसे देशों का भ्रमण कर भारत की 'विविधता में एकता' का संदेश देंगे।

भारतीय रेलवे के उपक्रम भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश अप्रैल एवं मई, 2026 के लिए यूरोप का एक विशेष अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज तैयार किया गया है। इस बार यूरोप की धरती पर ‘यूनाइटेड इंडिया’ की झलक देखने को मिलेगी, जब देश के विभिन्न हिस्सों से यात्री एक साथ यूरोप यात्रा पर जाएंगे।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आईआरसीटीसी जयपुर के अपर महाप्रबंधक योगेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि जयपुर सहित मुंबई, अहमदाबाद, इंदौर, दिल्ली (चंडीगढ़ एवं लखनऊ सहित), कोच्चि, अर्नाकुलम एवं बेंगलुरु जैसे शहरों से पर्यटक आईआरसीटीसी के माध्यम से इस पैकेज में शामिल होंगे और यूरोप में एक संयुक्त भारतीय समूह के रूप में भ्रमण करेंगे। उन्होंने बताया कि अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और संस्कृतियों से जुड़े यात्री 13 दिन तक एक परिवार की तरह साथ रहकर भारत की “एकता में विविधता” का संदेश अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। अपर महाप्रबंधक ने बताया कि आईआरसीटीसी द्वारा इस यूरोप टूर के दो विशेष प्रस्थान निर्धारित किए गए हैं।

26 अप्रैल से आठ मई, 2026 तथा 24 मई से पांच जून, 2026। प्रत्येक प्रस्थान के लिए केवल 20 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिससे यात्रियों को सुव्यवस्थित एवं प्रीमियम समूह यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा। योगेन्द्र ने बताया कि यह 12 रात एवं 13 दिन का टूर है, जिसमें फ्रांस (पेरिस), बेल्जियम (ब्रुसेल्स), नीदरलैंड (एम्स्टर्डम), जर्मनी (कोलोन एवं मैनहेम), स्विट्ज़रलैंड (जंगफ्राउयोच एवं राइन फॉल्स), ऑस्ट्रिया (इंसब्रुक) तथा इटली (वेनिस, पीसा, रोम एवं मिलान) जैसे स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

अप्रैल प्रस्थान को बुकिंग की अंतिम तिथि 20 मार्च, 2026 तथा मई प्रस्थान को 15 अप्रैल, 2026 निर्धारित की गई है। बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी। आईआरसीटीसी जयपुर के अपर महा-प्रबंधक ने बताया कि इस टूर पैकेज की विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़