Telecom Sector में Jio-Airtel का दबदबा कायम, दिसंबर तिमाही में AGR 8.13% बढ़कर ₹84,270 करोड़ हुआ

ट्राई की रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2025 तिमाही में दूरसंचार कंपनियों का सकल राजस्व 1.02 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया, जो सालाना आधार पर एक महत्वपूर्ण वृद्धि है; रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ने इस वृद्धि का नेतृत्व किया।
दूरसंचार सेवा प्रदाताओं का संचयी आधार पर सकल राजस्व दिसंबर, 2025 को समाप्त तिमाही में एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर 1.02 लाख करोड़ रुपये रहा है। दूरसंचसार नियामक ट्राई ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। एक साल पहले दूरसंचार सेवा प्रदाताओं का सकल राजस्व 96,390 करोड़ रुपये था। वहीं सितंबर, 2025 को समाप्त तिमाही में 99,828 करोड़ रुपये था। समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) दिसंबर, 2025 को समाप्त तिमाही में सालाना आधार पर 8.13 प्रतिशत बढ़कर 84,270 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक वर्ष पूर्व इसी तिमाही में यह 77,934 करोड़ रुपये था।
Telecom Sector में Jio-Airtel छाया
एजीआर दूरसंचार सेवाओं की बिक्री और लाइसेंस शुल्क तथा स्पेक्ट्रम उपयोग समेत सरकारी शुल्कों से प्राप्त होता है। रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया आदि जैसे एक्सेस सेवा प्रदाताओं का दिसंबर तिमाही में कुल एजीआर में 84.54 प्रतिशत का योगदान रहा। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की सितंबर, 2025 तिमाही तक प्रकाशित प्रदर्शन संकेतक रिपोर्ट में एजीआर आंकड़ों से पता चलता है कि रिलायंस जियो 31,767.11 करोड़ रुपये के राजस्व के साथ शीर्ष पर रही।
इसके बाद भारती एयरटेल 28,497.45 करोड़ रुपये के एजीआर और वोडाफोन आइडिया 8,176.62 करोड़ रुपये के एजीआर के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। लाभ में आ चुकी सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल ने अपने एजीआर में सालाना आधार पर 12.61 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है और यह 2,003.48 करोड़ रुपये रहा।
वहीं एमटीएनएल का एजीआर सालाना आधार पर लगभग 75 प्रतिशत घटकर 37.77 करोड़ रुपये रहा। सरकार का लाइसेंस शुल्क संग्रह सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 6,733 करोड़ रुपये रहा, जबकि स्पेक्ट्रम उपयोग शुल्क 3.19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,020 करोड़ रुपये रहा।
अन्य न्यूज़
















