Jio Platforms IPO: लिस्टिंग के बाद बोले Akash Ambani, नई तकनीक आम लोगों तक पहुंचाएंगे

jio
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स की मजबूत शुरुआत के बाद प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने कंपनी को वैश्विक ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि एआई और अंतरिक्ष संपर्क जैसी आधुनिक तकनीकों को भारतीयों के लिए किफायती बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है। 23 प्रतिशत प्रीमियम पर सूचीबद्ध होकर जियो देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई।

जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और अंतरिक्ष संपर्क सहित नई प्रौद्योगिकियों को आम लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जतायी है। कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की बुधवार को बाजार में अच्छी शुरुआत के बाद आकाश ने कहा कि भारतीयों के लिए डिजिटल संपर्क को किफायती बनाना जियो का मुख्य लक्ष्य है। जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले अंबानी ने कहा कि यह कंपनी के लिए अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि शुरुआत है। उन्होंने निवेशकों की 

संपत्ति बढ़ाने का भी वादा किया, जैसा कि उसकी मूल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने करीब 50 वर्षों में किया है। आकाश अंबानी (35) ने एनएसई में सूचीबद्धता समारोह में कहा, ‘‘हम भारत और दुनिया में जियो को विकास, उत्कृष्टता और प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेते हैं।’’ इस समारोह में उनके माता-पिता मुकेश तथा नीता अंबानी, भाई-बहन ईशा एवं अनंत और दादी कोकिलाबेन भी मौजूद थीं। 

आकाश अंबानी ने कहा कि अंबानी परिवार की अगली पीढ़ी की जिम्मेदारी सिर्फ विरासत में मिली चीजों को संभालकर रखना नहीं, बल्कि जियो को भारत के लिए और बड़ा, बेहतर एवं अधिक सार्थक बनाना भी है। इससे पहले अनंत ने कहा कि जियो का विचार ईशा ने दिया था, जिसे उनके जुड़वां भाई आकाश ने अपनाया और आगे बढ़ाया। ईशा ने कहा कि आकाश ने पिछले 13 वर्षों में जियो को खड़ा करने और उसका विस्तार करने के लिए कड़ी मेहनत की है। 

आज जियो भारत की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी है, जिसके 53 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं। अपने दादा धीरूभाई के कथन ‘विकास ही जीवन है’ को दोहराते हुए ईशा ने भी आगे बढ़ना जारी रखने और सभी शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजित करने की प्रतिबद्धता जतायी। भविष्य के लिए जियो का दृष्टिकोण बताते हुए आकाश ने कहा कि पहले 10 वर्षों में जियो ने डेटा को आम लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा, ‘‘अगले 10 वर्षों में हम हर उस प्रौद्योगिकी को आम लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं, जो भारतीयों के जीवन में बदलाव ला सकती है। इसमें कृत्रिम मेधा (एआई), क्लाउड, कनेक्टेड उपकरण, अंतरिक्ष से संपर्क और ऐसी डिजिटल सेवाएं भी शामिल हैं, जिनकी अभी कल्पना भी नहीं की गई है।’’ 

आकाश ने कहा कि प्रौद्योगिकी का वास्तविक मूल्य उन अवसरों में है जिन्हें वह पैदा करती है, उन बाधाओं में है जिन्हें वह दूर करती है और उन जिंदगियों में है जिनमें वह सुधार लाती है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ऐसा डिजिटल परिवेश बनाना है, जिसके केंद्र में जियो प्लेटफॉर्म्स हो और जहां संपर्क, कंप्यूटिंग तथा मेधा निर्बाध रूप से एक साथ काम करें। आकाश ने कहा कि कई वर्षों तक दुनिया भारत को प्रौद्योगिकी का उपभोक्ता मानती रही, लेकिन अब भारत इसका सृजन करने वाले देश के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि एक दिन जियो प्लेटफॉर्म्स दुनिया की सबसे बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों में शामिल होगी।

 उन्होंने कहा, ‘‘अब हम तिरंगे को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए तैयार हैं।’’ आकाश ने कहा कि आईपीओ को मिली निवेशकों की प्रतिक्रिया उनकी अपनी उम्मीद से अधिक है और यह भारत की क्षमता में निवेशकों के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कंपनी के निर्गम के लिए 1.3 करोड़ आवेदनों के जरिये 7.5 लाख करोड़ रुपये की मांग आई।

 निर्गम खुलने के 95 मिनट के भीतर ही इसे पूर्ण अभिदान मिल गया था। घड़ी में सुबह के 10 बजते ही अंबानी परिवार के सभी सदस्यों ने घंटी बजाई। कंपनी का शेयर अपने 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 23 प्रतिशत चढ़ा और इसके साथ ही बाजार पूंजीकरण के लिहाज से यह देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। बीएसई और एनएसई पर शेयर ने 1,358 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो निर्गम मूल्य से 21.36 प्रतिशत अधिक है।

 कंपनी का बाजार मूल्यांकन 12,57,401.07 करोड़ रुपये रहा। बाद में बीएसई पर शेयर दिन के उच्चतम स्तर 1,375 रुपये पर पहुंच गया, जो निर्गम मूल्य से 22.87 प्रतिशत अधिक है। एनएसई पर शेयर 22.83 प्रतिशत चढ़कर 1,374.50 रुपये पर पहुंच गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़