RBI एक लाख करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियों की खरीद करेगा

RBI
ANI

एक दूसरे बयान में केंद्रीय बैंक ने कहा कि वह चार फरवरी को तीन साल की अवधि के लिए 10 अरब डॉलर की अमेरिकी डॉलर-रुपया खरीद/बिक्री स्वैप नीलामी आयोजित करेगा।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को कहा कि वह बैंकों में नकदी डालने के लिए एक लाख करोड़ रुपये की सरकारी प्रतिभूतियां खरीदेगा और 10 अरब डॉलर की डॉलर-रुपया अदला-बदली नीलामी आयोजित करेगा।

आरबीआई ने एक बयान में कहा कि वह 29 जनवरी और पांच फरवरी को दो किस्तों (प्रत्येक 50,000 करोड़ रुपये) में कुल 1,00,000 करोड़ रुपये की केंद्र सरकार की प्रतिभूतियों की ओएमओ (खुले बाजार का परिचालन) खरीद नीलामी आयोजित करेगा।

इससे पहले, केंद्रीय बैंक ने घोषणा की थी कि ये नीलामी पांच फरवरी और 12 फरवरी को आयोजित की जाएगी। एक दूसरे बयान में केंद्रीय बैंक ने कहा कि वह चार फरवरी को तीन साल की अवधि के लिए 10 अरब डॉलर की अमेरिकी डॉलर-रुपया खरीद/बिक्री स्वैप नीलामी आयोजित करेगा।

यह स्वैप रिजर्व बैंक की ओर से एक साधारण विदेशी मुद्रा खरीद/बिक्री के रूप में होगा। इसके तहत, एक बैंक रिजर्व बैंक को अमेरिकी डॉलर बेचेगा और साथ ही स्वैप अवधि के अंत में उतनी ही राशि के अमेरिकी डॉलर वापस खरीदने के लिए सहमत होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़