US Dollar के मुकाबले Rupee 82 पैसे मजबूत होकर 94.96 पर पहुंचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान रुपया 82 पैसे चढ़कर 94.96 प्रति डॉलर के स्तर पर आ गया। तेल विपणन कंपनियों के लिए विशेष व्यवस्था और जोखिम लागत बढ़ने से हाजिर बाजार में डॉलर की मांग घटी, जिससे घरेलू मुद्रा को सहारा मिला। इस दौरान डॉलर सूचकांक में 0.15 प्रतिशत की गिरावट भी दर्ज की गई।

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 82 पैसे मजबूत होकर 94.96 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि तेल विपणन कंपनियों के लिए नामित बैंकों के जरिये डॉलर उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था और विदेशी मुद्रा जोखिम से बचाव के कुछ लेनदेन की लागत बढ़ाने जैसे कदमों से हाजिर बाजार में डॉलर की मांग घटने से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.53 प्रति डॉलर पर खुला।

इसके बाद इसमें मजबूती आई और यह 94.96 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 82 पैसे की बढ़त है। रुपया सोमवार को 93 पैसे मजबूत होकर 95.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। छह महीने से अधिक समय में यह रुपये की एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त थी।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.43 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 305 अंक चढ़कर 72,224.15 अंक पर जबकि निफ्टी 93.40 अंक की बढ़त के साथ 22,458.50 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.11 प्रतिशत घटकर 105.47 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,708.48 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़