Sensex में 879 अंकों का उछाल, IT कंपनियों के शेयरों में लिवाली से चमका शेयर बाजार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आईटी कंपनियों के शेयरों में मजबूत खरीदारी और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी लौटी। बीएसई सेंसेक्स 1.23 प्रतिशत उछलकर 72,472.33 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी में 288.65 अंकों की बढ़त दर्ज की गई। टीसीएस और आईटीसी के शेयरों में चार प्रतिशत से अधिक की मजबूती देखने को मिली।

मुंबई, नौ अक्टूबर स्थानीय शेयर बाजार में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 879 अंक चढ़कर बंद हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23 प्रतिशत बढ़कर 72,472.33 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,075.96 अंक यानी 1.50 प्रतिशत चढ़कर 72,669.20 अंक तक पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत बढ़कर 22,520.45 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईटीसी का शेयर 4.78 प्रतिशत चढ़ा, जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 4.23 प्रतिशत की तेजी आई।

टीसीएस का जुलाई-सितंबर तिमाही में शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने आगे भी वृद्धि की गति बने रहने का संकेत दिया है। इनके अलावा अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी प्रमुख लाभ में रहे।

सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज का ही शेयर गिरावट में बंद हुआ। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.32 प्रतिशत गिरकर 102.9 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, हाल की तेज गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी आने और शॉर्ट कवरिंग के लिए की गयी लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में राहत की तेजी आई।

दूसरी तिमाही के नतीजों की अच्छी शुरुआत और कृत्रिम मेधा (एआई) से आय बढ़ने की संभावनाओं पर भरोसा बढ़ने से आईटी शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंका कम होने के संकेतों से वैश्विक चिंताएं घटीं और कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी नरमी आई। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.59 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.56 प्रतिशत की बढ़त रही।

चौतरफा लिवाली के बीच सभी क्षेत्रवार सूचकांक चढ़कर बंद हुए। फोकस आईटी खंड ने सर्वाधिक 2.96 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि आईटी खंड में 2.91 प्रतिशत, अस्पताल खंड में 2.46 प्रतिशत और एफएमसीजी खंड में 2.02 प्रतिशत की तेजी रही। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,516 कंपनियों के शेयर बढ़त में रहे जबकि 1,867 शेयरों में गिरावट रही और 227 अन्य अपरिवर्तित रहे।

साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 562.63 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की बढ़त लेने में सफल रहा जबकि एनएसई निफ्टी ने 98.5 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की तेजी हासिल की। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद बाजार में तेजी लौटी। टीसीएस के नतीजों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया से आईटी शेयरों को समर्थन मिला।

इसके अलावा बैंकिंग, एफएमसीजी और वाहन कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी देखी गई। ब्रेंट क्रूड भी हाल के उच्च स्तर से नीचे आ गया। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की सूचकांक मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे।

दक्षिण कोरिया के बाजार बंद थे। यूरोपीय बाजार दोपहर में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 12,943.58 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1,045.46 अंक गिरकर 71,593.24 अंक और निफ्टी 371.25 अंक टूटकर 22,231.80 अंक पर बंद हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़