US-Iran वार्ता और सस्ता Crude Oil, दोहरी खुशी से Sensex में 1400 अंकों की सुनामी

Sensex
ANI

अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता की उम्मीदों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जैसे सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल देखा गया, जिससे सेंसेक्स 1400 अंकों से अधिक चढ़ गया।

घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में उछाल आया। सेंसेक्स 1,422.85 अंक जबकि निफ्टी 400 अंक से अधिक चढ़ा। अमेरिका और ईरान के बीच राजनयिक बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीदों के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों के 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से निवेशकों का मनोबल बढ़ा है। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों के शेयर शुरुआती कारोबार में बढ़त में रहे।

इंटरग्लोब एविएशन, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 95.04 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,983.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,432.30 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 0.91 प्रतिशत जबकि निफ्टी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था। बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को शेयर बाजार बंद थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़