Stock Market Today: विदेशी Investors का बढ़ा भरोसा, Share Market की तेजी से Rupee 6 पैसे चढ़कर 90.85 पर

Stock Market Today
प्रतिरूप फोटो
AI Generated

कमजोर डॉलर और विदेशी निवेशकों के मजबूत प्रवाह के कारण भारतीय रुपया शुरुआती कारोबार में छह पैसे बढ़कर 90.85 पर पहुंच गया, जिसे घरेलू शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत से भी समर्थन मिला।

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.85 पर पहुंच गया। डॉलर के कमजोर रुख और विदेशी निवेशकों के निवेश में वृद्धि से घरेलू मुद्रा को बल मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सत्र की सकारात्मक शुरुआत ने स्थानीय मुद्रा को और मजबूती प्रदान की जबकि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि तथा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने रुपये की तेज बढ़त को सीमित कर दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 90.86 पर खुला। फिर 90.85 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बुधवार को सीमित दायरे में कारोबार करते हुए चार पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.91 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.57 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 303 अंक चढ़कर 82,579.16 अंक पर जबकि निफ्टी 85.1 अंक की बढ़त के साथ 25,567.60 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.00 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 2,991.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़