World Bank की बड़ी मदद, Himachal Pradesh में आपदा के बाद Reconstruction के लिए 24.5 करोड़ डॉलर का लोन मंजूर

Himachal Loan from World Bank
प्रतिरूप फोटो
AI Generated

विश्व बैंक ने आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश के पुनर्निर्माण और आर्थिक बहाली के लिए 24.5 करोड़ डॉलर के ऋण को मंजूरी दी है, जिसका लक्ष्य मजबूत बुनियादी ढांचे का विकास और रोजगार सृजन करना है। यह परियोजना भविष्य में आपदाओं के प्रभाव को कम करने के साथ-साथ सामुदायिक व्यवसायों को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।

विश्व बैंक ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश में अधिक मजबूत बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और सामुदायिक स्वामित्व वाली कंपनियों को अधिक भरोसेमंद रोजगार में निवेश करने में सक्षम बनाने के लिए 24.5 करोड़ डॉलर के ऋण की मंजूरी दी। विश्व बैंक ने बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश पिछले तीन साल में प्रतिकूल मौसम की घटनाओं से प्रभावित रहा है। इसके परिणामस्वरूप अनुमानित एक अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।

बयान में कहा गया है कि 2023 और 2025 के मानसून के मौसम में भारी बारिश के कारण जानमाल का नुकसान हुआ, घरों और बुनियादी ढांचे को व्यापक क्षति पहुंची और स्कूलों, बाजारों और रोजगार तक पहुंच सीमित हो गई। जल आपूर्ति और स्वच्छता सेवाओं में व्यवधान ने कृषि और बागवानी उत्पादन को भी प्रभावित किया है। बयान में कहा गया है कि ‘विकास और आपदा पुनरुद्धार हिमाचल प्रदेश परियोजना (24.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर) के लिए मजबूत कार्ययोजना’ राज्य के आपदा बाद पुनरुद्धार प्रयासों का समर्थन करेगी और मजबूत बुनियादी ढांचे की बेहतर योजना और डिजाइन के माध्यम से भविष्य में आपदा के प्रभावों को कम करने में मदद करेगी।

कृषि, स्थानीय हस्तशिल्प और ग्रामीण पर्यटन क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच और आजीविका के बेहतर अवसरों से दस लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा। बयान के अनुसार, सामुदायिक स्वामित्व वाले व्यवसायों में निवेश से 12,000 लोगों को नए या बेहतर रोजगार मिलेंगे और कारीगरों, उत्पादकों तथा किसानों के लिए नए बाजार संबंध बनेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़