Zimbabwe के खिलाफ ODI शतक पर बोलीं Deepti Sharma, शतक से ज्यादा साझेदारी जरूरी थी

deepti verma
ANI

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 106 रन बनाकर नौ साल बाद अपना दूसरा वनडे शतक जड़ा। उन्होंने हरमनप्रीत कौर के साथ 153 रन की साझेदारी कर भारत को 121 रन से शानदार जीत दिलाई। दीप्ति ने बताया कि उनका मुख्य ध्यान शतक बनाने के बजाय टीम के लिए मजबूत साझेदारी निभाने पर था।

 भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा नौ साल के लंबे इंतजार के बाद वनडे में अपना दूसरा शतक लगाने से खुश हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में इसके बजाय वह पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ साझेदारी निभाने के बारे में सोच रही थी। दीप्ति ने अपना पहला वनडे शतक मई 2017 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। तब उन्होंने 160 गेंदों पर 188 रन बनाए थे।

 उन्होंने रविवार को भारत की जिम्बाब्वे के खिलाफ 121 रन की जीत में नाबाद 106 रन बनाकर इस प्रारूप में अपना दूसरा शतक बनाया। दीप्ति ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा था कि मैं देर-सवेर शतक बनाने में कामयाब रहूंगी।

 शतक के बजाय मैं यह सोच रही थी कि हम उस स्थिति में कैसे अच्छी साझेदारी निभा सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिका (रावल) और हैरी दीदी (हरमनप्रीत कौर) की साझेदारी के बाद हमने जल्दी विकेट गंवा दिए थे। इसलिए हमारा ध्यान अच्छी साझेदारी निभाने पर था। निश्चित तौर पर शतक बनाना खास है और मैंने बहुत दिनों बाद यह उपलब्धि हासिल की है इसलिए अच्छा लग रहा है।’’

 हरमनप्रीत ने 121 गेंदों में 126 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल थे। दीप्ति ने उनका बखूबी साथ दिया और दोनों ने 153 रन की साझेदारी की। दीप्ति ने कहा, ‘‘हरमनप्रीत बहुत ही सहज नजर आ रही थी। वह अपनी काबिलियत के अनुसार खेल रही थी। उस समय वह बहुत अच्छा खेल रही थी। जब मैं क्रीज पर उतरी तो मैं सोच रही थी कि हमें अच्छी साझेदारी निभानी होगी।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़