Dehradun Firing: टायर पर मारी गोली, Morning Walk पर निकले रिटायर्ड Brigadier की मौत

Dehradun Firing
AI Generated

देहरादून के राजपुर क्षेत्र में दो कारों के बीच रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हो गई, जिसकी चपेट में आकर सुबह की सैर पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की दुखद मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह कथित तौर पर रास्ता देने को लेकर दो कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सेना के एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सुबह उस समय हुई जब दिल्ली पंजीकरण नंबर वाली एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे आ रही एक स्कॉर्पियो एन में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया।

पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसके टायर पर गोलियां चलाईं जो सुबह की सैर पर निकले सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (74) को लग गईं। उसने बताया कि जोशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के मुताबिक, टायर पर गोली लगने से फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

उसने बताया कि इस घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और अस्पताल जाकर पीड़ितों से जानकारी ली। देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़