सऊदी अरब में दो नागरिकों को फांसी, Bangladesh ने प्रक्रिया की पूर्व सूचना न मिलने पर मांगा जवाब

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ढाका में विदेश मंत्रालय ने सऊदी राजदूत के साथ बैठक के दौरान अपने दो नागरिकों को दी गई मौत की सजा पर औपचारिक राजनयिक नोट सौंपा। अधिकारियों के अनुसार दोनों नागरिकों पर मक्का की एक मस्जिद में व्यभिचार का आरोप था, जिसके बाद मुकदमा चलाकर 14 अक्टूबर को उन्हें फांसी दे दी गई।

बांग्लादेश ने हाल में अपने दो नागरिकों को फांसी दिए जाने के मामले में रविवार को सऊदी अरब से स्पष्टीकरण मांगा तथा कहा कि ढाका में अधिकारियों और रियाद स्थित उसके दूतावास को कानूनी कार्यवाही के बारे में पहले से सूचित नहीं किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि विदेश मंत्रालय के पूर्व और पश्चिम एशिया प्रभाग के सचिव मोहम्मद नजरुल इस्लाम ने सऊदी अरब के राजदूत अब्दुल्ला जफर बिन अबियाह के साथ बैठक के दौरान बांग्लादेश के नागिरकों को मृत्युदंड दिए जाने के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सऊदी राजदूत को तलब नहीं किया गया था, बल्कि उनके साथ एक बैठक के दौरान ये मुद्दा उठाया गया।

अधिकारी ने बताया कि राजदूत को स्पष्टीकरण मांगने वाला एक औपचारिक राजनयिक नोट सौंपा गया। इससे पहले इसकी एक प्रति इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से भेजी गई थी। रियाद स्थित बांग्लादेश के दूतावास ने इससे पहले विदेश मंत्रालय को सूचित किया था कि उसके दो नागरिकों - एक पुरुष और एक महिला - पर मक्का की एक मस्जिद के भीतर व्यभिचार करने का आरोप था।

इसके बाद सऊदी अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार किया, मुकदमा चलाया, सजा सुनाई और मृत्युदंड दिया गया। दोनों दोषियों को 14 अक्टूबर को मृत्युदंड दिए जाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद बांग्लादेश को इसकी जानकारी मिली।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़