Cyclone Champi: ताइवान में तेज आंधी-बारिश से भारी तबाही, 350 लोग घायल और एक की मौत

ताइवान में चक्रवात चांपी के असर से शुक्रवार रात और शनिवार सुबह भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दक्षिणी ताइवान के पिंगतुंग काउंटी में समुद्र की लहरों में बहने से एक व्यक्ति ने जान गंवा दी। तेज तूफान के कारण लगभग 2,80,000 घरों में बिजली गुल हो गई और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा।
ताइवान में चक्रवात चांपी के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हो गए। चक्रवात के कारण तेज हवाओं और बारिश का दौर शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान कई पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
हालांकि, चांपी सीधे ताइवान से नहीं टकराया, लेकिन इसका असर ताइवान के ज्यादातर हिस्सों में देखने को मिला। ताइवान के मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार सुबह तक चक्रवात कमजोर पड़ने लगा और शाम तक चक्रवात संबंधी चेतावनियां वापस ले ली जाएंगी। ताइवान के केंद्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात तक 350 लोग घायल हुए।
उसने बताया कि दक्षिणी ताइवान के पिंगतुंग काउंटी में रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह समुद्र की लहरों में बह गया था। ताइवान के स्थानीय समाचार पत्र ‘यूनाइटेड डेली न्यूज’ ने बिजली अधिकारियों के हवाले से बताया कि तूफान के कारण 2,80,000 घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
हालांकि, शनिवार सुबह तक 80 प्रतिशत घरों में बिजली बहाल कर दी गई। पूरे द्वीप में तूफान के कारण पेड़, साइनबोर्ड और कुछ छोटे ढांचे गिर गए। ताइपे में एक कॉलेज के छात्रावास की छत भी गिर गई।
जापान की ओर बढ़ने के साथ ही तूफान के कमजोर पड़ने की संभावना है।
अन्य न्यूज़













