Djibouti तट पर प्रवासियों की नाव पलटने से 109 लोगों की मौत, IOM ने दी जानकारी

अफ्रीकी देश जिबूती से यमन जा रही एक नौका के समुद्र में पलटने से 109 प्रवासियों की जान चली गई, जिनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के मुताबिक इस नाव पर 305 लोग सवार थे और 116 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। हादसे में 80 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
पूर्वी अफ्रीकी देश जिबूती के तट के पास 305 लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई, जिसके कारण कम से कम 109 प्रवासियों की मौत हो गई। मृतकों में 15 बच्चे भी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने रविवार को यह जानकारी दी।
आईओएम के अनुसार, नौका बृहस्पतिवार रात या शुक्रवार सुबह जिबूती से यमन जा रही थी, तभी वह पलट गई। इस हादसे में 52 पुरुषों, 42 महिलाओं और 15 बच्चों की मौत हुई। 80 से अधिक लोग बच गए, जबकि कम से कम 116 अन्य लोग अब भी लापता हैं।
संगठन ने अपने एक बयान में कहा कि अफ्रीका के हॉर्न क्षेत्र से हर साल हजारों प्रवासी सुरक्षित ठिकानों और रोजगार के अवसरों की तलाश में जिबूती से होते हुए बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पार कर खाड़ी देशों की ओर जाते हैं। यमन में हिंसा जारी रहने के बावजूद प्रवासियों का यह आवागमन जारी है। जिबूती में आईओएम के मिशन प्रमुख अलेक्जेंड्रे कोइसाक ने कहा, ‘‘यह जानमाल का बेहद दुखद नुकसान है।
यह त्रासदी उन खतरों की गंभीर याद दिलाती है, जिनका सामना प्रवासियों को रोजगार के अवसरों की तलाश में इस प्रवासन मार्ग पर करना पड़ता है।
अन्य न्यूज़













