Donald Trump का ऐलान, अमेरिका को तुरंत 3 लाख टन Diesel देगा रूस

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के बाद घोषणा की कि रूस अमेरिकी और वैश्विक बाजार में तुरंत 3,00,000 टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा। इसके बाद नवंबर में पांच लाख टन और फिर दस लाख टन अतिरिक्त डीजल भेजा जाएगा। अमेरिका में ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच वित्त विभाग ने रूसी डीजल बिक्री पर लगे प्रतिबंध भी हटा लिए हैं।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, नौ अक्टूबर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत के बाद घोषणा की कि रूस अमेरिका को तुरंत डीजल की आपूर्ति करेगा। यह अप्रत्याशित घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका में एक कानून के तहत रूसी तेल और गैस के प्रमुख खरीदारों पर भारी शुल्क लगाने का प्रावधान करने की कोशिश की जा रही है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने अभी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बेहद सफल बातचीत की।

इस दौरान इस बात पर सहमति बनी कि रूस तुरंत अमेरिकी और वैश्विक बाजार में 3,00,000 टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा।’’ उन्होंने कहा कि रूस नवंबर में पांच लाख टन अतिरिक्त डीजल की आपूर्ति करेगा। इसके तुरंत बाद 10 लाख टन डीजल की और आपूर्ति की जाएगी। ट्रंप ने कहा, ‘‘इसके अतिरिक्त, रूस की डीजल रिफाइनरियों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए, वह इसके बाद कम समय के भीतर 30 लाख टन डीजल ईंधन की आपूर्ति करेगा।’’ यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब ईरान के साथ युद्ध के बीच अमेरिका ईंधन की ऊंची कीमतों से जूझ रहा है।

यह मामला तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों में एक प्रमुख मुद्दा बन गया है। इस बीच अमेरिका के वित्त विभाग ने कहा कि रूसी डीजल की बिक्री पर लगा प्रतिबंध अप्रैल 2027 तक के लिए हटा लिया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़