साइबेरिया में संदिग्ध Plague पर Donald Trump करेंगे Vladimir Putin से बात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

साइबेरिया के एक शोध संस्थान में प्लेग के संभावित मामले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर चर्चा करेंगे। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे पर गहन विचार-विमर्श चल रहा है। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्पष्ट किया है कि रूस से बाहर इसका जोखिम बहुत कम है।

वाशिंगटन, सात अक्टूबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ साइबेरिया के एक शोध संस्थान में प्लेग के संभावित मामले पर चर्चा करने के लिए फोन पर बातचीत करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह ‘‘बहुत जल्द’’ पुतिन से इस मामले पर बातचीत करेंगे। प्लेग-रोधी एक संस्थान की कर्मचारी की मौत के बाद स्वास्थ्य अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, कर्मचारी की मौत अज्ञात कारण से हुए निमोनिया की वजह से हुई। यह पूछे जाने पर कि इस मामले को लेकर अमेरिकी खुफिया समुदाय क्या कह रहा है, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस विषय पर ‘‘बहुत गहन चर्चा’’ कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम शायद कल इसके बारे में जानकारी दे पाएंगे।’’ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मंगलवार को कहा कि रूस के बाहर इस मामले से जोखिम ‘‘बहुत कम’’ है।

संयुक्त राष्ट्र की इस एजेंसी ने कहा कि पिछले सप्ताह साइबेरिया और सुदूर पूर्व के ‘इरकुत्स्क एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट’ में काम करने वाली एक महिला की मौत की खबर सामने आने के बाद वह रूसी अधिकारियों के संपर्क में है। ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि अमेरिका इस स्थिति से निपटने में रूस की मदद करने के लिए तैयार है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़