अचानक आई बाढ़ से अफगानिस्तान और पाकिस्तान में दर्जनों लोगों की मौत

flash
ANI

पूर्वी अफगानिस्तान और इससे लगते पाकिस्तान के इलाकों में भारी बारिश की वजह से गत रात आई बाढ़ में दर्जनों लोगों की मौत हो गयी। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इस्लामाबाद। पूर्वी अफगानिस्तान और इससे लगते पाकिस्तान के इलाकों में भारी बारिश की वजह से गत रात आई बाढ़ में दर्जनों लोगों की मौत हो गयी। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। इससे संबंधित एक वीडियो में अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के दक्षिण स्थित लोगार प्रांत के खुशी जिले में ग्रामीण बाढ़ के बाद के अपने क्षतिग्रस्त घरों को साफ करते नजर आ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: न्यायपालिका, पुलिस को धमकी देने के मामले में इमरान खान के खिलाफ मामला दर्ज

लोगार प्रांत के प्राकृतिक आपदा प्रबंधन मंत्रालय के प्रमुख अब्दुल्ला मुफाकर ने कहा कि अबतक यह पता नहीं है कि बाढ़ से कितने लोगों की मौत हुई या कितने घायल हुए हैं, लेकिन कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘इस समय मृतकों की वास्तविक संख्या की जानकारी नहीं है, लोग शवों को हटा रहे हैं।’’ गांव के बुजुर्ग डेल आगा ने कहा कि खुशी के इतिहास में अभूतपूर्व बाढ़ आई है। उन्होंने कहा, ‘‘बाढ़ ने इलाके के सभी लोगों के मवेशियों, घरों और कृषि भूमि को बर्बाद कर दिया है।’’

इसे भी पढ़ें: चीन ने फसलों को सूखे से बचाने के लिए कृत्रिम वर्षा की योजना बनायी

उन्होंने कहा, ‘‘लोग बेघर हो गए हैं और उन्होंने पहाड़ियों पर शरण ली है।’’ वहीं, पाकिस्तान के प्राकृतिक आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया है कि देश में मानसूनी बारिश से आई बाढ़ की वजह से कम से कम 36 लोगों की मौत हुई है जिनमें से 11 मौत अफगानिस्तान से लगते सीमावर्ती इलाकों में हुई है। प्राधिकरण ने बताया कि सेना की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह उत्तरी अफगानिस्तान में भारी बारिश की वजह से अचानक आई बाढ़ से कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों अन्य लोग लापता हुए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़