विमान अपहरण की कोशिश नाकाम करने वाले भारतीय Pilot स्मित मच्छार की Dubai क्राउन प्रिंस ने की प्रशंसा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दुबई के शहजादे हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम ने अस्पताल जाकर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की। फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले के बाद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर बड़ी अनहोनी टाल दी थी। यूएई सरकार और भारतीय दूतावास ने उनके त्वरित साहस की सराहना की है।

दुबई, तीन अक्टूबर दुबई के शहजादे हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार के ‘साहस’ की शनिवार को प्रशंसा की, जिन्होंने उड़ान के दौरान अपने सह-पायलट के हमले के बाद विमान को दुर्घटनाग्रस्त कराने के प्रयास को नाकाम कर दिया था। कैप्टन मच्छार पर बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमदान ने अस्पताल में मच्छार से मुलाकात की और इसकी तस्वीरें ‘एक्स’ पर साझा कीं।

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री हमदान ने कहा कि फ्लाईदुबई के पायलट ने ‘‘साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता की सर्वोच्च मिसाल पेश की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम और देश का नेतृत्व उनकी सराहना करते हैं।’’ हमदान ने कहा, ‘‘हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं...हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं... और उन मूल्यों का हिस्सा हैं, जिनके लिए यूएई जाना जाता है... करुणा, शांति और जीवन को महत्व देने वाला देश।’’ यूएई में भारतीय दूतावास ने इससे पूर्व कहा था कि मच्छार की हालत में सुधार हो रहा है और उनका इलाज जारी है। दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कैप्टन स्मित का बेहतरीन इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। हम उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हरसंभव सहयोग दे रहे हैं।’’ दूतावास ने मच्छार को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यूएई की सरकार का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि वह उनकी सेहत में सुधार के लिए प्रार्थना कर रहा है।

जांच का नेतृत्व कर रहे यूएई ने कहा कि सह-पायलट ने ‘‘आतंकवादी कृत्य’’ को अंजाम देने की कोशिश की। सरकारी समाचार एजेंसी ‘डब्ल्यूएएम’ के अनुसार यूएई के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी ने बताया कि सह-पायलट ने मच्छार पर हमला करने के लिए विमान में मौजूद कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की। खबरों के अनुसार, घायल होने के बावजूद मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सह-पायलट पर काबू पाने का मौका मिल गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़