FBI ने ताइवान के राष्ट्रपति के परिवार की जासूसी करने पर Los Angeles में महिला को पकड़ा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका के लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एफबीआई ने 34 वर्षीय वानयिंग झांग को चीन के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़ा है। अभियोजकों के मुताबिक वह चीन के लिए बिना पंजीकरण एजेंट बनकर ताइवान के राष्ट्रपति के बेटे और परिजनों की तस्वीरें और वीडियो भेज रही थी। ताइवान के राष्ट्रपति कार्यालय ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे सीमापार दमन बताया है।

बैंकॉक, पांच अक्टूबर (एपी) एफबीआई ने लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक महिला को गिरफ्तार किया है जिस पर चीन के लिए ताइवान के राष्ट्रपति के परिवार की जासूसी करने का आरोप है। एफबीआई के अनुसार, वानयिंग झांग उर्फ हीदर ने अमेरिका में रहते हुए चीनी सरकार के लिए ताइवान के राष्ट्रपति के बेटे और उनके परिवार पर नजर रखी। अमेरिका के सहायक अटॉर्नी बिल एसेली ने सोशल मीडिया पर बताया कि 34 वर्षीय झांग को चीन के लिए एक अपंजीकृत एजेंट के रूप में काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि झांग ने अपने लक्ष्य की तस्वीरें और वीडियो बनाए तथा उनके वाहनों के नंबरों की जानकारी चीनी अधिकारियों को भेजी। झांग को चीन जाने वाली उड़ान में सवार होने से पहले गिरफ्तार किया गया। उसकी राष्ट्रीयता स्पष्ट नहीं हो सकी है और उसका प्रतिनिधित्व करने वाले वकील का तत्काल पता नहीं चल सका।

उसे सोमवार को लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत में पेश किया जाना था। ताइवान के राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के रिश्तेदार निशाना बनाए गए थे, हालांकि उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि इनमें राष्ट्रपति के बेटे शामिल थे या नहीं। कार्यालय ने इसे ‘‘सीमापार दमन का एक पारंपरिक मामला’’ बताया।

प्रवक्ता कैरेन कुओ ने एक बयान में कहा, ‘‘ताइवान ऐसे बर्बर कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करता है, जो मानवाधिकारों और राष्ट्रीय संप्रभुता की अनदेखी करते हैं तथा स्वतंत्रता और लोकतंत्र की वकालत करने वाले लोगों या उनके परिवारों को दबाने, धमकाने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। ऐसे व्यवहार को सभ्य दुनिया में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।’’ अमेरिका में चीन के दूतावास ने सोमवार को टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया। बीजिंग में चीन का विदेश मंत्रालय अवकाश के कारण बंद था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़