Ukraine पर रूसी हमलों में पांच लोगों की मौत, Putin ने यूरोपीय सैनिकों की तैनाती पर दी चेतावनी

यूक्रेन के जपोरिज्जिया, क्रिवी रिह और जाइटोमिर में रातभर हुए रूसी हमलों में कम से कम पांच नागरिकों की जान चली गई। वहीं ओडेसा बंदरगाह क्षेत्र में हुए हमलों में 35 लोग घायल हुए हैं। दूसरी तरफ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में यूरोपीय सैनिकों को भेजने का मतलब सीधे तौर पर रूस के साथ युद्ध होगा।
रूस के हमलों में यूक्रेन में पांच नागरिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन में यूरोपीय सैनिकों को भेजना रूस के साथ सीधे संघर्ष के समान होगा।
क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेदोरोव ने बताया कि यूक्रेन के जपोरिज्जिया शहर में रातभर जारी रूसी ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, क्रिवी रिह में हुए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। काला सागर स्थित ओडेसा बंदरगाह और इसके आसपास के इलाकों में 35 लोग घायल हुए।
क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह किपर ने इसे ‘‘बड़ा हमला’’ बताया। हमले में एक रिहायशी इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसकी ऊपरी मंजिलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। यूक्रेन के जाइटोमिर क्षेत्र में एक किराना दुकान पर रूसी हमले में दो लोगों की मौत हो गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सैन्यबल ने रूस में रासायनिक उद्योग की दो इकाइयों को निशाना बनाया, जिनमें एक समारा और दूसरी पर्म में है। इन क्षेत्रों के गवर्नर ने फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन रूस के स्वतंत्र ऑनलाइन समाचार संगठन ‘अस्त्रा’ ने दोनों क्षेत्रों में रासायनिक संयंत्रों पर ड्रोन हमलों की खबर दी। इस बीच, पुतिन ने भारत में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान संवाददाताओं से कहा कि यदि यूरोपीय देशों की सरकार यूक्रेन में सैनिक भेजती हैं तो इसका मतलब ‘‘रूस के साथ युद्ध’’ होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘अब वे यूक्रेन में सैनिक भेजने पर विचार करने की बात कर रहे हैं। इसका मतलब रूस के साथ युद्ध होगा।’’ कुछ यूरोपीय नेताओं ने संभावित शांतिरक्षक बल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है। इसे रूस ने बार-बार अस्वीकार्य बताया है।
पुतिन ने यह भी कहा कि रूस से यूरोप को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा कोई खतरा नहीं है और न कभी रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम यूरोपीय देशों को धमकी नहीं देते और न ही ऐसा करने का हमारा इरादा है।’’ पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस सप्ताह यूक्रेन की पोलैंड और मोल्दोवा से लगती सीमाओं पर हुई दो घटनाएं यूरोप के साथ लगतीं यूक्रेन की सीमा चौकियों पर रूस की बढ़ती भड़काऊ गतिविधियों की आशंका की झलक हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात यूक्रेन और मोल्दोवा के बीच स्टारोकोजाचे सीमा चौकी पर रूसी ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बुधवार रात पोलैंड-यूक्रेन सीमा चौकी पर ‘‘प्रत्यक्ष खतरा’’ वारसा और कीव के बीच सहयोग के कारण टल गया।
अन्य न्यूज़













