US के Ohio में हिंदू मंदिर पर हमला, खिड़कियों पर ईंटें फेंकी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका के ओहायो में स्थित स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वड़तालधाम पर अज्ञात लोगों ने ईंटें फेंककर खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। हिंदू संगठनों के अनुसार यह कथित घटना शुक्रवार दोपहर को हुई जब मंदिर परिसर में पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे।

वाशिंगटन, तीन अक्टूबर अमेरिका के ओहायो राज्य के एक इलाके में स्थित हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई। अमेरिका के दो हिंदू हितैषी समूहों ने यह दावा किया है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) और कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (कोहना) ने शुक्रवार को बताया कि ग्रेटर क्लीवलैंड स्थित स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वड़तालधाम में ईंटें फेंकने से खिड़कियों के कांच टूट गए और मंदिर को नुकसान पहुंचा।

इन समूहों के अनुसार, यह कथित घटना शुक्रवार दोपहर उस समय हुई जब मंदिर के भीतर पुजारी और कुछ श्रद्धालु मौजूद थे। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में भारतीय-अमेरिकी समुदाय 10 दिनों से भी कम समय में शुरू होने वाले नवरात्र उत्सव और हिंदू विरासत माह मनाने की तैयारी कर रहा था। ‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ (एचएएफ) के कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, यह केवल अब बातों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हकीकत बन चुका है।

इंटरनेट पर फैलाई जा रही नफरत अब वास्तविक रूप में एक हिंदू मंदिर पर हमले में बदल गई है। घटना के वीडियो की जांच कर अपराधी को तुरंत पकड़ा जाना चाहिए। एचएएफ ने कहा कि यह अपराध नफरत से प्रेरित हो सकता है, और ऐसे समय में हुआ है जब हिंदू-अमेरिकी समुदाय अप्रत्याशित घृणा और कड़वाहट का सामना कर रहा है।

समूह ने कहा, हम देश के निर्वाचित नेताओं और सरकारी एजेंसियों से भी अपील करते हैं कि वे भारतीय और हिंदू-अमेरिकी समुदायों के खिलाफ फैलाई जा रही नफरत की सार्वजनिक और स्पष्ट रूप से निंदा करें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़