Indian Air Ambulance की Dhaka में Emergency Landing, 56 वर्षीय महिला मरीज की मौत

Indian Air Ambulance की Dhaka में Emergency Landing, 56 वर्षीय महिला मरीज की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय एयर एंबुलेंस का दरवाजा उड़ान के दौरान आंशिक रूप से खुलने के बाद उसे बांग्लादेश के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सात लोगों में से 56 वर्षीय मरीज अंजना भौमिक को कुर्मिटोला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी छह लोग सुरक्षित हैं और मौत के सही कारणों की जांच की जा रही है।

अगरतला से कोलकाता जा रही भारत की एक एयर एंबुलेंस का दरवाजा बीच हवा में आंशिक रूप से खुल जाने के बाद उसे बांग्लादेश में आपात स्थिति में उतारा गया। हालांकि, एयर एंबुलेंस में सवार भारतीय महिला की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के अनुसार ‘वीटी-एचवाईए’ पंजीकरण वाला ‘बीचक्राफ्ट किंग एयर सी90ए’ विमान रविवार को अगरतला से कोलकाता जा रहा था। करीब 12,000 फुट की ऊंचाई पर विमान में तकनीकी समस्या आ गई जिससे उसका दरवाजा बीच हवा में आंशिक रूप से खुल गया। खबर के मुताबिक, विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजकर 40 मिनट पर हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित तरीके से उतरा।

विमान में दो पायलट, एक मरीज, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक और मरीज के साथ आए दो अन्य लोगों समेत सात लोग सवार थे। समाचारपत्र ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, मरीज की पहचान 56 वर्षीय अंजना भौमिक के रूप में हुई है। उन्हें कुर्मिटोला मल्टीकेयर स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

खबर में कहा गया है कि विमान में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। यह भी पता नहीं चला है कि उनकी मौत विमान में आई तकनीकी खराबी से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय जटिलता थी।

समाचारपत्र ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यकारी निदेशक के प्रवक्ता मोहम्मद रियाजउद्दीन ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान में यांत्रिक खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसका दरवाजा खुल गया। हवाई अड्डा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कमरुल हसन तालुकदार ने बताया कि भौमिक की रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम चार बजकर 40 मिनट पर अस्पताल में मौत हो गई। बीएसएस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग के लिए आवश्यक मंजूरी नहीं होने के बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर एयर एंबुलेंस की मदद की।

खबर में कहा गया है कि ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने आवश्यक राजनयिक औपचारिकताएं पूरी करने में बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ समन्वय किया। ‘द डेली स्टार’ के अनुसार, भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित यह विमान मंजूरी से जुड़े मुद्दों को सुलझाए जाने के प्रयासों के बीच ढाका हवाई अड्डे पर रुका है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़