Iran के साथ जारी सैन्य टकराव को JD Vance ने ‘युद्ध’ मानने से किया इनकार

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने व्हाइट हाउस में कहा कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष युद्ध नहीं है क्योंकि फिलहाल कोई सक्रिय गोलीबारी नहीं हो रही है। उन्होंने इस बात पर कोई निश्चित समयसीमा देने से मना कर दिया कि यह संघर्ष कब खत्म होगा। वेंस ने स्पष्ट किया कि वाणिज्यिक पोतों पर ईरानी हमलों के जवाब में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई एक जिम्मेदारी थी।
वाशिंगटन, चार सितंबर (एपी) अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ जारी अमेरिकी संघर्ष को ‘‘युद्ध’’ करार देने से बृहस्पतिवार को इनकार कर दिया। वेंस ने यह अनुमान लगाने से भी परहेज किया कि छह महीने से जारी यह संघर्ष नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले समाप्त हो जाएगा या नहीं। इन चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी संसद के दोनों सदनों में अपना मामूली बहुमत बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।
वेंस से अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पूछा गया कि क्या तीन नवंबर को होने वाले संसदीय चुनाव से पहले युद्ध समाप्त हो सकता है जिसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे युद्ध नहीं कहूंगा। फिलहाल सक्रिय गोलीबारी नहीं हो रही है।’’ वेंस ने यह बात ऐसे समय में कही जब ईरान ने इस सप्ताह की शुरुआत में उसके खिलाफ हुए कई अमेरिकी हमलों के जवाब में बृहस्पतिवार को खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगी कुवैत को निशाना बनाया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस सप्ताह हमला करना अमेरिका की ‘‘जिम्मेदारी’’ थी क्योंकि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक पोतों को लगातार निशाना बना रहा है।
इस संघर्ष की गंभीरता को कम करके पेश करने की वेंस की कोशिश ट्रंप और उनके प्रशासन के सामने मौजूद मुश्किल चुनौती की ओर इशारा करती है। ट्रंप अमेरिकी मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि संसद पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बरकरार रहे जबकि इस संघर्ष के कारण पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं और उपभोक्ताओं को अधिक महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। संघर्ष की शुरुआत में ‘व्हाइट हाउस’ ने कहा था कि यह कुछ ही सप्ताह चलेगा।
वेंस ने कहा कि वह इस संघर्ष के समाप्त होने को लेकर कोई ‘‘कृत्रिम समयसीमा’’ तय नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब आप पूछते हैं कि ‘यह कब समाप्त होगा?’, तो आप मुझसे यह पूछ रहे हैं कि ‘ईरान पोतों पर गोलीबारी कब बंद करेगा?’ वास्तविकता यह है कि मुझे इस सवाल का जवाब नहीं पता। आपको यह सवाल ईरानियों से पूछना होगा।
अन्य न्यूज़















