Pakistan के साथ द्विपक्षीय व्यापार 20 करोड़ डॉलर पहुंचाएगा Maldives, Muizzu ने तय किया लक्ष्य

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने अपनी तीन दिवसीय पाकिस्तान यात्रा पूरी करने के बाद दोनों देशों के कारोबारी रिश्तों को मजबूत करने का संकल्प जताया है। उन्होंने घोषणा की कि अगले दो वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को वर्तमान 1.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर किया जाएगा। इस्लामाबाद दौरे के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के साथ महत्वपूर्ण बातचीत की।

(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 23 अक्टूबर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने शुक्रवार को पाकिस्तान की अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के समापन पर कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य अगले दो साल के भीतर द्विपक्षीय व्यापार को 1.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर करना है। मुइज्जू ने अपनी इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों में एक ‘‘महत्वपूर्ण मोड़’’ भी बताया। पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के एक बयान के अनुसार, मुइज्जू अपनी राजकीय यात्रा सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद इस्लामाबाद से रवाना हो गए।

इस यात्रा के दौरान उनके साथ उनकी पत्नी साजिदा मोहम्मद और एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी था। बयान में कहा गया है कि मुइज्जू ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ ‘‘महत्वपूर्ण और सार्थक बातचीत’’ की। विदेश कार्यालय ने बताया कि ‘‘इस यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये गए और समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ।

साथ ही, पाकिस्तान-मालदीव बिजनेस फोरम का आयोजन भी किया गया, जिससे व्यापार, निवेश और आपसी सहयोग के लिए नये रास्ते खुले हैं।’’ मुइज्जू ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा कि उनकी यह यात्रा ‘‘मालदीव-पाकिस्तान संबंधों में एक महत्पूर्ण मोड़ है। हम अपने रिश्तों में एक नया अध्याय शुरू करने और साझेदारी के एक नये युग की शुरुआत करने पर सहमत हुए हैं।’’ मालदीव के राष्ट्रपति ने कहा कि इस नये अध्याय में ‘‘अगले दो साल के भीतर द्विपक्षीय व्यापार को 1.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर करने का साझा संकल्प’’ शामिल किया गया है। मुइज्जू, पिछले 11 वर्ष में पाकिस्तान की राजकीय यात्रा करने वाले मालदीव के पहले राष्ट्रपति हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़